Yoga Marathon
- -सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय मैराथन को दिखाई हरी झंडी
- -मुख्यमंत्री ने धावकों पर की पुष्प वर्षा, दिया नशा मुक्ति का संदेश
- -अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले अभियान में 19.27 लाख लोग जुड़े
Yoga Marathon : कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्यस्तरीय योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और युवाओं पर पुष्प वर्षा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश को योग युक्त, नशा मुक्त बनाने के लिए गीता स्थली कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर योग मैराथन एक संकल्प यात्रा बनी है। इस संकल्प यात्रा में प्रदेशभर से हजारों युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने जोश के साथ दौड़ लगाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। सरकार ने भी संकल्प लेकर राष्ट्र की संपत्ति युवा वर्ग को नशे से बचाने के लिए योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा बनाने का प्रयास किया है। इससे युवाओं को नशे से बचाया जा सकेगा। अहम पहलू यह है कि कुरुक्षेत्र में 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से पहले चलाए गए अभियान में अब तक प्रदेश के 19.27 लाख लोग जुड़ चुके हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को ब्रह्मसरोवर के दक्षिण गेट पर हरियाणा खेल विभाग, आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग व जिला प्रशासन के तत्वाधान में आयोजित राज्य स्तरीय योग मैराथन में सम्बोधित कर रहे थे।
20 धावकों को सम्मानित किया
कुरुक्षेत्र की राज्य स्तरीय योग मैराथन में महिलाओं और पुरुष वर्ग के विजेता 20 धावकों को पुरस्कार के रूप में 3.46 लाख रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए। इस योग मैराथन में प्रथम आने वाले गौरव और सोनीपत की मोनिका को 51000 रुपये देकर सम्मानित किया। इस योग मैराथन में हजारों युवाओं ने हिस्सा लेकर नशा के खिलाफ चल रहे यज्ञ में आहुति डालने का काम किया है।
योग को जीवन में उतरें
सैनी ने कहा कि 21 जून को पवित्र स्थल ब्रह्म सरोवर के तट पर योग गुरु स्वामी रामदेव के साथ योग करने का सौभाग्य मिलेगा। जिसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी करवाए जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम से 6 दिन पहले आज योग मैराथन का आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि हमें प्रतिदिन एक घंटा अपने शरीर के लिए अवश्य निकालना चाहिए, जो व्यक्ति हृष्ट पुष्ट होगा। वह नई ऊर्जा के साथ काम करेगा। योग को जीवन में उतरने की जरूरत है।
21 जून को 2500 स्थानों पर विभिन्न संस्थाएं लगाएंगे योग शिविर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग जागरण यात्रा 19 जून तक प्रदेश के 5 हजार गांवों तक पहुंचकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेगी। पतंजलि योग पीठ, भारतीय योग संस्थान, ब्रह्माकुमारी और आर्ट आॅफ लिविंग जैंसी संस्थाएं 21 जून को प्रदेश में 2500 स्थानों पर योग शिविर आयोजित कर रही हैं। हरित योग अभियान के तहत 21 जून तक 10 लाख औषधीय पौधे बांटे और लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब कार्यालय में 5 मिनट का वाई-ब्रेक भी शुरू किया गया है ताकि कर्मचारी तनाव मुक्त रहें। महानिदेशक संजीव वर्मा ने मेहमानों का स्वागत करते हुए राज्य स्तरीय योग मैराथन के साथ-साथ खेल विभाग की तमाम उपलब्धियों और सरकार की तरफ से खिलाड़ियों के लिए तैयार की जा रही योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस राज्य स्तरीय योग मैराथन के लिए 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवाया था। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, हरियाणा खेल विभाग के महानिदेशक एवं अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी उपायुक्त नेहा सिंह, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सरदार तिजेंद्र सिंह गोल्डी,चेयरमैन धर्मवीर मिजार्पुर, धर्मवीर डागर, उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डा. जयदीप आर्य, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर, नगर परिषद चेयरपर्सन माफी ढांडा, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, गुरनाम सैनी,रविन्द्र सांगवान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।