weather
- -अब दिन रात चलेगी लू, तीन दिन और बढ़ेगा पारा, राहत की उम्मीद नहीं
- -मौसम विभाग का दावा, बरसात की संभावना नहीं, सताएगी गर्मी
- -पांच जिलों में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट, 18 जिलों में 40 डिग्री से ऊपर तापमान
- -सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट
weather : रेवाड़ी। प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। लू के थपेड़ों से कहीं भी राहत नहीं मिल रही। दिन रात लू चल रही हैं। तापमान बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। सोमवार को सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का पारा 46.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि अभी बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में भीषण गर्मी खूब सताएगी। मौसम विभाग ने तीन दिन हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन और रात दोनों समय लू चलने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इससे जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ना शुरू हो गया है। पिछले चार दिनों से तापमान में तेजी से वृद्धि होना शुरू हो गया है। जून माह का पहला सप्ताह ठंडा गुजरने के बाद दूसरे सप्ताह में गर्मी पीक पर आने लगी है।
18 जिलों में पारा 40 पार
सोमवार को प्रदेश के 18 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार रहा। भिवानी, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है। हालांकि मौसम विभाग ने 12 जून तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। 2 दिन तक राजस्थान से सटे हरियाणा के दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में रेगिस्तानी हवाएं चलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
हीटवेव का खतरा
तापमान बढ़ने के बाद गर्म हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं, जिससे एक बार फिर हीटवेव का खतरा मंडराने लगा है। दोपहर के समय भारी गर्मी का असर सड़कों से लेकर बाजार तक में असर आने लगा है। अगर तापमान इसी तरह से बढ़ता रहा, तो लू का प्रकोप एक बार फिर से लोगों को घरों में दुबके रहने पर मजबूर कर देगा। जून माह में पड़ने वाली भारी गर्मी का वास्तविक असर दूसरे सप्ताह में देखने को मिल रहा है।
जल्द बरसात की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अभी कोई विक्षोभ सक्रिय दिखाई नहीं दे रहा है। एक सप्ताह तक बादल छाने या बरसात की कोई संभावना नहीं है। तापमान में आने वाले दिनों में और वृद्धि हो सकती है, जिससे हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है। तीन दिन बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
https://vartahr.com/weather-temperat…t-heatwave-alert/