Weather
- -आसमान में गहरे बादल छाने की संभावना
- – हवाओं की रफ्तार भी हो सकती तेज
Weather : रेवाड़ी। दो दिन से तापमान में गिरावट आने से गर्मी से राहत मिलने लगी है। कमजोर विक्षोभ के सक्रिय होने से हवाओं की रफ्तार बढ़ी है, जबकि तापमान में गिरावट आई है। 29 मार्च को पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से आसमान में गहरे या आंशिक बादल छा सकते हैं। हवाओं की गति 24 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में बादलों के बीच बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। विक्षोभ की सक्रियता के कारण बीते वीरवार को शाम के समय आंशिक बादल छा गए थे। सप्ताह के मध्य अधिकतम तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, जिससे मई माह की तरह गर्म हवाओं ने पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए थे। गत वीरवार को तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। शुक्रवार को तापमान में और गिरावट आने से भारी गर्मी से काफी हद तक राहत मिल गई। अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह 13.5 डिग्री पर आ गया। तापमान में गिरावट के बाद भारी गर्मी का प्रकोप कम हो गया। सुबह के समय मौसम अनुकूल बना रहा। दोपहर तक भी भारी गर्मी का असर नहीं रहा।
दक्षिणी-पश्चिमी हवाओं से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डा. चंद्रमोहन ने बताया कि पश्चिमी कमजोर विक्षोभ की सक्रियता के चलते दक्षिणी-पश्चिमी दिशा से तेज गति से हवाएं चलेंगी। शनिवार को आसमान में आंशिक या घने बादल छा सकते हैं। मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, परंतु बादलों के बीच कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके बाद आने वाले सप्ताह में मौसम साफ बना रहने की संभावना है। तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। अगले सप्ताह तापमान में एक बार फिर वृद्धि होगी, जिससे अप्रैल के पहले सप्ताह में गर्मी पसीने छुड़ाना शुरू कर देगी।
सरसों की कटाई का कार्य अंतिम चरण में
मौसम में बदलाव की संभावना को देखते हुए किसानों ने सरसों की कटाई का कार्य तेजी से शुरू किया हुआ है। जिले में सरसों की 80 फीसदी तक कटाई हो चुकी है। किसानों ने गेहूं की अगेती फसल की कटाई भी शुरू कर दी। आसमान में बादल छाने के बाद किसानों की चिंता बढ़ जाती है। उन्हें बारिश या ओलावृष्टि की आशंका सताने लगती है। किसान जल्द से जल्द फसल निकालकर घर या मंड़ियों में पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। राहत की बात यह है कि अभी बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
https://vartahr.com/weather-relief-s…er-from-saturday/