Weather
- – दोपहर के समय सड़क से बाजार तक नजर आने लगे सूने
- -सप्ताह के अंत में करवट ले सकता है मौसम
- -शनिवार को आसमान में बादलों के साथ बूंदाबांदी की संभावना
- -अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस बढ़क 39 डिग्री पर पहुंच गया
Weather : रेवाड़ी। हरियाणा में मार्च माह के अंतिम सप्ताह में मौसम के तेवर तल्ख होने शुरू हो गए हैं। दिन के साथ रात का पारा भी चढ़ने लगा है। सुबह के समय ठंड का असर गायब हो चुका है। दोपहर तक सड़क से लेकर बाजार तक लोगों का आवागमन कम होने लगा है। 29 मार्च को मौसम एक बार फिर से करवट ले सकता है। आगामी शनिवार को आसमान में बादलों के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है। एक सप्ताह से मौसम लगातार साफ बना हुआ है। आसमान साफ रहने के कारण सुबह से ही तेज धूप मौसम गर्म बना रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस बढ़क 39 डिग्री पर पहुंच गया। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान इस स्तर पर पहुंचा है। रात का तापमान भी एक डिग्री बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय 11 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि नमी का स्तर 33 फीसदी तक रहा। अभी तक रात के समय मौसम ठंडा बना रहता था, परंतु दो दिन से रात का तापमान भी बढ़ रहा है। सर्दी की पूरी तरह से विदाई हो चुकी है। दिन के समय तेज धूप के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होना शुरू हो गया है। तापमान सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा माना जा रहा है, जिस कारण इस बार मार्च के अंत में ही गर्मी ने पसीना छुड़ाना शुरू कर दिया है। गर्म कपड़ों की विदाई हो चुकी है। अब हलके कपड़ों की डिमांड बढ़नी शुरू हो गई है। मौसम का मिजाज गर्म होने के कारण पंखों और एसी का चलना शुरू हो गया है। बिजली की डिमांड भी 5 लाख यूनिट तक बढ़ गई है। तापमान के साथ बिजली की डिमांड अभी और बढ़ने की पूरी संभावना है। इस समय फसल कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। सरसों और गेहूं की कटाई चल रही है। मौसम बिगड़ने पर फसल कटाई का कार्य भी बाधित हो सकता है।
शनिवार को मौसम में बदलाव संभव
मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 29 मार्च को आसमान में बादल सकते हैं। बादलों के बीच हल्की बरसात, बूंदाबांदी या ओलावृष्टि भी हो सकती है। तापमान में अभी और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे दोपहर के समय धूप में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। गर्मी बढ़ते ही दोपहर के समय अभी से ही बाजार खाली नजर आने लगे हैं। आने वाले समय में मौसम की मार दुकानदार भी झेल सकते हैं।
अब गर्माएगा कूलर पंखों का बाजार
गत वर्ष मार्च माह से लेकर जून तक नियममित अंतराल के बाद बारिश होती रही थी। प्री-मानसून बारिश के कारण कूलर और एसी की डिमांड प्रभावित हुई थी। इस बार मार्च माह में ही जिस तरह से गर्मी का प्रकोप शुरू होने लगा है, उससे कूलर और एसी का बाजार भी जल्द गर्म होना शुरू हो सकता है। बढ़ते तापमान के साथ ही कूलरों की बिक्री बढ़ सकती है, जिस कारण इस बार कारोबारियों को राहत मिल सकती है।
https://vartahr.com/weather-mercury-…aches-39-degrees/