weather
- – सामान्य से 3 डिग्री अधिक हुआ अधिकतम और न्यूनतम तापमान
- – शनिवार को मौसम में परिवर्तन की उम्मीद
- – इस बार अप्रैल में ही सताने लगेंगे लू के थपेड़े
weather : रेवाड़ी। प्रदेश में भीषण गर्मी मार्च में ही सताने लगी है। अभी से मई जैसा अहसास होने लगा है। प्रदेश में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। बुधवार को 39.7 डिग्री सेल्सियस के साथ हिसार प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा, वहीं न्यूनतम तापमान रेवाड़ी में सबसे ज्यादा 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार गर्मी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अप्रैल से ही लू के थपेड़े सताने लगेंगे। लोगों को सावधान रहना होगा। दूसरी तरफ मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार से मौसम में बदलाव आ सकता है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा चलने की संभावना है। इससे तापमान में कुछ गिरवट संभव है। इसके बाद फिर मौसम के तेवर बदलने लगेंगे और भीषण गर्मी दस्तक देगी।
चलने लगे एसी-पंखे
मार्च के अंत में ही मई जैसी गर्म हवाएं चलना शुरू हो गई हैं। दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। समय से पहले एसी और पंखें चलने शुरू हो गए हैं। अगले कुछ दिनों में पारा 40 डिग्री के पार होने की संभावना है। गत वर्ष 26 मार्च को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को अधिकतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दोपहर में घरों से निकलना मुश्किल
इस बार अगर यही हाल रहा तो अप्रैल माह में ही लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा। तेज धूप और गर्मी के कारण सामान्य जीवन पर असर पड़ना शुरू हो गया है। दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल होना शुरू हो गया है। बाजार में ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। जगह-जगह नींबू पानी और नारियल पानी की दुकानें खुलने लगी हैं। गन्ने के जूस की रेहड़ियां हर चौक-चौहरों पर लग रही हैं।
कल से तापमान में गिरावट की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से हवाओं की गति बढ़ जाएगी। वीरवार को 18 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इससे शुक्रवार को पारा गिरने की संभावना है। 29 मार्च को आसमान में बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी या हल्की बरसात होने की संभावना है। इससे तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
https://vartahr.com/weather-may-like…rd-may-be-broken/