• Mon. Apr 21st, 2025

waether : और तल्ख होने लगे मौसम के तेवर, पसीने छुड़ाने लगी गर्मी

Byadmin

Mar 24, 2025
धूप से बचाव के साथ बावल रोड से जाती युवतियां।धूप से बचाव के साथ बावल रोड से जाती युवतियां।

waether

  • -दो दिन से लगातार बढ़ रहा दिन का तापमान
  • – अब रात के समय ठंड का असर भी गायब
  • -रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर

waether : रेवाड़ी। मार्च माह के अंत में ठंड की विदाई के साथ ही गर्मी ने दस्तक दे दी है। दिन का तापमान तीन दिन से लगातार बढ़ रहा है। सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है, जिसके अभी और बढ़ने के आसार हैं। रात के समय ठंड का असर भी तापमान बढ़ने से गायब हो गया है। मौसम में जल्द बदलाव की उम्मीद नहीं है, जिस कारण अब गर्मी पसीने छुड़ाना शुरू कर देगी। गत वर्ष की तुलना में इस बार अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। बीते साल 24 मार्च को अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को दिन का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 37.0 डिग्री पर पहुंच गया। रात का तापमान भी 1.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 13.0 डिग्री दर्ज किया गया। 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। हवा में नमी का स्तर कम होकर 36 फीसदी तक आ गया है। गर्मी बढ़ने के साथ नमी और कम हो जाएगी। अभी तक रात के समय मौसम ठंडा बना रहता था, परंतु अब रात भी गर्म होनी शुरू हो गई हैं। तापमान में वृद्धि के बाद सुबह के समय भी गर्म कपड़ों से छुटकारा मिल गया है। पंखों और एसी के चलने का सिलसिला शुरू हो गया है। घरेलू क्षेत्र में बिजली की खपत बढ़ने लगी है। कृषि क्षेत्र में खपत होने के कारण अभी पावर कटों की नौबत नहीं आने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रह सकता है। बरसात और बूंदाबांदी की अभी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। तापमान में अभी और वृद्धि होने की संभावना है।

शीतल पदार्थों का बाजार गरमाने लगा

तापमान बढ़ने के कारण दोपहर तक मौसम का मिजाज काफी गर्म होना शुरू हो गया है। गर्मी के साथ ही शीतल पदार्थों का बाजार गरमाना शुरू हो गया है। सड़क किनारे गन्ने के जूस की रेहड़ियां लगने लगी हैं। नारियल पानी की डिमांड भी बढ़ रही है। आइस कैंडी व आइसक्रीम की बिक्री भी बढ़ने लगी है। जगह-जगह नींबू की शिकंजी की दुकानें खुलने लगी हैं। सीजनल धंधा करने वाले लोगों के लिए मौसम का गर्म मिजाज सुहाना साबित होने लगा है।

फसल निकालने का कार्य भी हुआ तेज

मौसम गर्म होने के बाद सरसों की पछेती फसल भी कटाई के लिए तैयार हो चुकी है। अगेती सरसों की कटाई के बाद फसल निकालने का कार्य तेजी से चल रहा है। सरसों के साथ गेहूं की कटाई भी शुरू हो चुकी है। गेहूं की पछेती फसल में अभी भी सिंचाई की दरकार है। इसकी कटाई शुरू होने में समय लगेगा। सरसों की 70 फीसदी तक फसल कटाई होने का अनुमान है। मौसम साफ रहने से फसल कटाई और निकालने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

https://vartahr.com/waether-the-weat…ing-people-sweat/ ‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *