• Wed. Jun 18th, 2025

Weather : हरियाणा में आंधी-बारिश से भारी नुकसान, हांसी में एक की मौत

Weather

  • जींद और हिसार में 2 घरों पर आसमानी बिजली गिरी
  • खिड़कियों के शीशे टूटे, दीवारों में दरारें आई, लेंटर में गड्ढा पड़ा
  • कई जगह बिजली के उपकरण और वायरिंग भी जली
  • फरीदाबाद में अंडरपास के अंदर कार पानी में डूबी
  • फतेहाबाद में गड्‌ढे में निजी स्कूल की बस फंसी
  • कई जगह बिजली गुल, मंडियों में खुले में रखा गेहूं भीगा

Weather : हरियाणा। प्रदेश में आंधी और बारिश ने भारी ताबही मचाई है। बारिश के कारण कई जगह जलभराव देखने को मिला। हिसार में रोडवेज बस और पिकअप की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई जगह बारिश का पानी भरने से सड़कें धंस गईं। पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। कई घंटे बिजली गुल रही। बताया जा रहा है कि जींद और हिसार में 2 घरों पर आसमानी बिजली गिरी। इससे खिड़कियों के शीशे टूट गए। दीवारों में दरारें आ गईं और लेंटर में गड्ढा पड़ गया। बिजली के उपकरण और वायरिंग जल गई। हांसी में सुबह 5 बजे हरियाणा रोडवेज की बस और पिकअप में टक्कर हो गई। पिकअप सड़क किनारे जाकर पलट गई। इस हादसे में पिकअप सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 3 घायल हो गए। फरीदाबाद में अंडरपास के अंदर कार डूब गई। इस दौरान गाड़ी का ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल आया। फरीदाबाद में ही एक 4 मंजिला बिल्डिंग की लोहे की शटरिंग 5 गाड़ियों पर गिर गई। वहीं, गुरुग्राम में एक सड़क धंसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके साथ पार्क की दीवार गिरी। फतेहाबाद में गड्‌ढे में प्राइवेट स्कूल की बस फंस गई। मंडियों में खुले में रखा गेहूं भीग गया। इससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

किस जिले में क्या

गुरुग्राम : कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं। सेक्टर 56 में आंधी से पेड़ टूटकर गाड़ियों पर गिर गया। शीतला माता रोड, सिविल लाइन और पुराने गुरुग्राम के इलाकों में पानी भर गया है। कॉलोनियों में 5 घंटे तक बिजली गुल रही। साउथ पेरिफेरेल यानि एसपीआर सड़क धंसने से ट्रैफिक प्रभावित हुआ। सेक्टर 24 में पार्क की दीवार गिर गई।

सोनीपत : गुरुवार रात 1 बजे बारिश शुरू हुई थी जो सुबह तक जारी रही। यहां तेज आंधी भी चली। पुरखास खानपुर मेडिकल रोड के मुख्य मार्ग पर गांव सांदल कलां में पेड़ टूटने से यातायात प्रभावित हो गया। बड़े वाहनों को दूसरे रूट से जाना पड़ रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में कई घंटे बिजली गुल रही। कई जगह बिजली के खंभे टूट गए। मंडियों में खुले में रखा गेहूं भीग गया।

भिवानी : तेज बारिश हुई। बड़ चौक पर रात को आई आंधी के कारण पेड़ टूटे। इसके कारण रास्ता ब्लॉक हो गया। वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
रोहतक : अलसुबह करीब 3 बजे तेज आंधी के साथ बारिश हुई। आंधी से कई स्थानों पर पेड़ व बिजली के खंभे गिर गए। एक स्कूल के आगे भारी पेड़ सड़क पर गिर गया, जिसके कारण ट्रैफिक भी बाधित रहा। महम व कलानौर क्षेत्र में ज्यादा बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर तीन से चार घंटे तक बिजली भी बाधित रही। वहीं, मंडियों में पड़ा गेहूं भीग गया।

हिसार : सुबह करीब 3 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। इससे कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई है। आंधी का ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में दिखा है। जहां पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। बरवाला शहर के वार्ड नंबर 9 में स्थित एक रिहायशी मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। इससे मकान की छत और दीवारों में दरारें आ गई हैं। छत पर गड्‌ढा भी हुआ है। मकान मालिक पंकज कुमार के अनुसार तड़के करीब 4 बजे के आसपास धमाका हुआ। पंखे, टीवी, फ्रिज, इनवर्टर सहित अन्य कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह से जल गए।

रेवाड़ी : रेवाड़ी में अलसुबह करीब साढ़े 5 आंधी के साथ बारिश हुई। जिसके कारण पेड़ टूटकर बिजली लाइनों पर गिर गए। तार टूटने से 28 गांव व रेवाड़ी शहर की 6 कॉलोनियों में सुबह 5 बजे से बत्ती गुल है। आंधी के कारण रेवाड़ी-झज्जर, रेवाड़ी- कोसली, रेवाड़ी-नारनौल रूट पर पेड़ टूटे हुए मिले हैं। अनुमान के अनुसार जिले में करीब 400 से अधिक पेड़ टूटे हैं।

नारनौल : गुरुवार रात से ही तेज आंधी चलने लगी। इसके बाद बूंदाबांदी हुई। आंधी से कई जगह पेड़ टूटे। वहीं बिजली गुल हो गई। सुबह नौ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।

कुरुक्षेत्र : देर रात आंधी के बाद बारिश शुरू हुई। सुबह करीब साढ़े 6 बजे तक बारिश होती रही। अभी यहां बादल छाए हुए हैं। तापमान में करीब 5 डिग्री से ज्यादा गिरावट आई है।

फतेहाबाद : अलसुबह आंधी चली। इसके बाद बारिश हुई। इस कारण शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। फतेहाबाद शहर में करीब तीन घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल हुई, वहीं बड़ोपल बिजली घर की सप्लाई शाम तक बहाल होगी। माजरा रोड पर सीवर लाइन लीक होने से बने गड्ढे में आर्यन स्कूल की बस फंस गई। ट्रैक्टर की मदद से बस निकाली गई। वहीं, अनाज मंडी में गेहूं की बोरियां भीग गईं।
सिरसा : तूफान के साथ बारिश हुई। काफी जगह पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गए। बिजली बाधित हो गई है। सिरसा डबवाली एरिया में 40 से ज्यादा पेड़ रोड पर गिरे। सिरसा, रानियां और डबवाली में आंधी के कारण ज्यादा नुकसान हुआ है। शहर के हिसार रोड, बरनाला रोड और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति है।
जींद : पहले तेज आंधी और उसके बाद बारिश आई। तेज आंधी से पेड़ टूटे। बिजली की तारें गिर गईं। इससे गांवों में ब्लैक आउट रहा। औसत 13 एमएम बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा पिल्लूखेड़ा तो सबसे कम उचाना में बारिश हुई है। जुलाना के अकालगढ़ गांव में मकान पर आसमानी बिजली गिरी। हादसा सुबह 6 बजे हुआ। मकान मालिक जयवीर के अनुसार खिड़कियों के शीशे टूट गए। कई जगह दरारें आ गईं। घर में रखे सभी बिजली के उपकरण जल गए। मकान के नीचे एक निजी स्कूल चल रहा था। स्कूल का रिकॉर्ड भी जल गया।

फरीदाबाद : सुबह 4 बजे बारिश हुई। करीब 8 बजे तक बारिश जारी रही। इस बीच बारिश के पानी के कारण ग्रीन फिल्ड अंडरपास पानी से भर गया। सीवर से ओवरफ्लो हुआ पानी भी इसी अंडरपास में जमा हो गया। इससे एक कार डूब गई। ड्राइवर ने कार से बाहर निकलकर जान बचाई। ग्रीन फील्ड कॉलोनी में 4 मंजिला बिल्डिंग की लोहे की शटरिंग 5 गाड़ियों पर गिर गई। इसके अलावा फरीदाबाद के कई हिस्सों में मकानों के अंदर पानी घुस गया।
झज्जर : अलसुबह 4 बजे बूंदाबांदी शुरू हुई। 10 मिनट बाद ही हवाओं के साथ तेज बारिश शुरू हुई। सुबह साढ़े 5 बजे तक तेज बारिश से खेतों में पानी भर गया। कई गांवों में पेड़ टूट गए। कई जगहों पर बिजली भी बाधित रही है। झज्जर अनाज मंडी में खुले में रखा गेहूं भीग गया। गांव कुकड़ौला में बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित रही।

चरखी दादरी : बौंद कलां क्षेत्र में कई स्थानों पर तेज आंधी के कारण पेड़ टूट गए। जिसके चलते लिंक मार्गों पर यातायात बाधित हो गई। इन मार्गों पर सुबह के समय स्कूल बसें फंस गईं। बच्चे स्कूल नहीं जा सके। ड्राइवर सड़क के साथ लगते खेतों से वाहन लेकर आगे निकले। बाढड़ा में जुई रोड पर जलभराव हो गया है।
करनाल : सुबह करीब 4 बजे बारिश शुरू हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। 23 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि गुरुवार को यही तापमान 27 डिग्री था। हवा की रफ्तार 12 किमी प्रति घंटा रही। आंधी के कारण महात्मा गांधी चौक पर जिला परिषद की दुकानों के सामने वाले शेड गिर गए।

आगे कैसा रहेगा मौसम

प्रदेश में शनिवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद व सिरसा में 25-50 प्रतिशत बारिश की संभावना है। कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, हिसार, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़ में 25 प्रतिशत तक बारिश का अनुमान है। अन्य जिलों में मौसम साफ रहेगा। वहीं रविवार को पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक व झज्जर में बारिश की संभावना है।

https://vartahr.com/weather-heavy-lo…e-death-in-hansi/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *