Wether
- -आसमान में बादलों के साथ तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार
- – अगले दो से तीन दिन तक हीटवेव कर सकती है परेशान
Wether : रेवाड़ी। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में मौसम का मिजाज एक बार फिर गर्म होना शुरू हो गया है। तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है, जिसके अगले दो दिन में 42 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री ज्यादा चल रहा है। दो से तीन दिन तक हीटवेव का प्रकोप बना रह सकता है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 17 जून को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, परंतु तापमान में खास गिरावट आने की संभावना नहीं है। मौसम में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है। बीते सप्ताह तीन दिन तक हीटवेव ने लोगों को जमकर परेशान किया था। इसके बाद तीन दिन तक आंधी के साथ हल्की बरसात ने गर्मी से राहत दिलाई थी। बारिश का दौर थमते ही पारा चढ़ना शुरू हो गया था। बुधवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39.5 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री की वृद्धि के साथ 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते साल 16 मई को अधिकतम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुबह से आसमान साफ बना रहा, जिससे तेज धूप ने मौसम गर्म बना दिया। दोपहर तक बाजार से लेकर सड़कों तक पर भी भीड़ कम हो गई। तापमान एक बार फिर सामान्य से ज्यादा हो गया है, जिससे दोपहर के समय गर्म हवाओं का चलना शुरू हो गया है। गर्मी ने दोपहर बाद तक लोगों को जमकर परेशान किया। सामान्य जनजीवन पर गर्मी का व्यापक असर होने लगा है। दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बचने लगे हैं, जिस कारण शाम तक बाजार में लोगों की भीड़ गायब रहती है।
मौसम में बदलाव के बाद भी चढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार 17 अप्रैल को आसमान में बादल छाने व तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है। इसके बावजूद तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। दो दिन तक मौसम इसी तरह का बना रह सकता है। इस दौरान दो से तीन दिन तक गर्म हवाएं चलेंगी। बाद में कुछ दिन तापमान में गिरावट गर्मी से राहत देने का काम कर सकती है। बुधवार को दोपहर बाद आसमान में बादल गहरा गए, जिससे बूंदाबांदी की संभावना बन गई।
डोमेस्टिक बिजली की खपत में इजाफा
भारी गर्मी का प्रकोप शुरू होते ही डोमेस्टिक बिजली की खपत भी बढ़नी शुरू हो गई है। अप्रैल के शुरू में जिले में घरेलू की बिजली की दैनिक खपत 11 लाख यूनिट के आसपास चल रही थी। कूलर और एसी का लोड बढ़ने के कारण अब दैनिक खपत 15 लाख यूनिट के पार हो चुकी है। बीते सोमवार को खपत 14.86 लाख यूनिट थी, जबकि मंगलवार को यह बढ़कर 15.38 लाख यूनिट तक पहुंच गई। गर्मी के साथ बिजली का लोड भी बढ़ने के आसार बने हुए हैं।
बादलों ने किसानों की टेंशन फिर बढ़ाई
फसल निकालने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। सरसों की फसल निकाली जा चुकी है, जबकि इस समय गेहूं निकालने का कार्य तेजी से चल रहा है। बुधवार एक आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अगर इस समय बरसात होती है, तो इससे फसल निकालने का कार्य बाधित हो जाएगा। फसल भीग जाने के बाद सूखने में समय लगेगा, जिससे इसे निकालने में देरी होगी। किसान जल्द से जल्द फसल निकालकर घर या मंडी में पहुंचाने के प्रयास कर रहे हैं।