Haryana
- -मंडियों में गेहूं भीगा, खेतों में कटाई प्रभावित, किसान परेशान
- -मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, आज भी वर्षा की संभावना
Haryana : प्रदेश में शुक्रवार शाम को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। इसके कारण कई जिलों में आधी के साथ बारिश हुई तो हिसार के बरवाला में ओले भी गिरे। बारिश के कारण मंडियों में पड़ी गेहूं भीग गई और खेतों में भी गेहूं की फसल की कटाई प्रभावित होगी। शुक्रवार शाम को हिसार, सिरसा, जींद, झज्जर, भिवानी, रोहतक, पानीपत, फतेहाबाद, सोनीपत, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हिसार के बरवाला में बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने बारिश और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है। जिसमें कुछ शहरों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिजली और ओलावृष्टि की भी संभावना बन रही है।
दिन में 43 डिग्री के पार चला गया था पारा
शुक्रवार को प्रदेश में दिनभर भीषण गर्मी ने परेशान किया था। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था। हिसार 43.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा। शाम को
बारिश आने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत तो मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। अगर और बारिश होती है तो किसानों को भारी नुकसान हाे सकता है।
तेज हवा चली
शाम को अचानक आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते बूंदाबांदी व हल्की बारिश शुरू हो गई। आकाश में धूल जम गई। मौसम में आद्रता 52 प्रतिशत तथा हवा की गति 21 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि मौसम पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर के चलते मौसम मे बदलाव आया है। हल्की बारिश हुई है।
पिहोवा में लगी आग
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में खेत में लगी आग तूफान की वजह से भड़क गई। तेज हवा चलने के कारण आग की लपटें घरों तक पहुंच गई हैं। लोग घरों से निकलकर सड़क की तरफ चले गए हैं।
https://vartahr.com/haryana-weather-…-fell-in-barwala/