Weather
- सुबह कोहरे से यातायात प्रभावित, 10 बजे तक दृश्यता 10 मीटर रही
- दोपहर बाद तेज धूप ने दिलाई राहत, एक्यूआई बढ़कर 200 के पार
- वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ा
- आधा दर्जन लंबी दूरी की ट्रेनें भी देरी से चली
Weather : प्रदेश में बूंदाबांदी के बाद अब रात्रि पारा गिरने लगा है। इससे प्रचंड ठंड का आगाज हो चुका है। वहीं, सुबह के समय कोहरा छाए रहने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। इससे सड़क यातायात और ट्रेन यातायात प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेनें निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर को मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रदेश में 27 और 28 दिसंबर को फिर बूंदाबांदी और ओले गिरने के आसार हैं। गुरुवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इससे सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। नेशनल हाइवे पर सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी 10 मीटर तक रही। वाहन चालकों ने लाइटें जलाकर सफर तय किया। लगभग आधा दर्जन लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी भी देरी से हुआ। अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 21.0 डिग्री पर आ गया। इससे दिन के समय कड़ाके की ठंड का असर कुछ कम हो गया। रात का तापमान एक सप्ताह बाद 2 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 5.5 पर आ गया। इससे रात को ठंड का प्रकोप बढ़ गया। तापमान में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है।
कड़ाके की ठंड करेगी परेशान
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को हवा की गति 11 किमी प्रति घंटा रही, जबकि नमी का स्तर 85 फीसदी रहा। दोपहर तक सूर्य ने कोहरे की चादर को साफ कर दिया। तेज धूप खिलने के बाद शाम तक सर्दी का असर कम हो गया। शाम के समय एक बार फिर कड़ाके की ठंड ने कंपकंपी छुड़ाना शुरू कर दिया। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शुक्रवार को आसमान में बादल गहराने के साथ ही हल्की मध्यम बरसात हो सकती है। हवा की रफ्तार काफी तेज हो सकती है, जो कोल्ड वेव का कारण बनेगी।
किसानों को बारिश का इंतजार
बूंदाबांदी से सरसों और गेहूं की फसलों को अच्छा फायदा मिला है। सर्दी बढ़ने से दोनों फसलों पर रौनक छा गई है। इस समय अगर अच्छी बारिश होती है, तो वह दोनों फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। बरसात के साथ ओलावृष्टि नुकसान का कारण भी बन सकती है। इस समय किसान नलकूपों के पानी से सिंचाई कर रहे हैं।
प्रदूषण का स्तर भी बढ़ने लगा
अच्छी बरसात नहीं हाेने के कारण एक्यूआई बढ़कर 200 के पार चला गया है। इलेक्ट्रिक उपकरणों का उपयोग सर्दी में बढ़ने के कारण बिजली की खपत भी बढ़कर 140 लाख यूनिट तक पहुंच गई है।
29 तक शीतलहर को अलर्ट
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि प्रदेश में अगले सप्ताह मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आईएमडी ने 29 दिसम्बर तक के लिए प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। जिसके बाद बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। साथ ही मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश में घने कोहरे की भी भविष्यवाणी की है। पिछले दिनों हुई बारिश से तापमान में गिरावट बरकरार है।