• Fri. Feb 7th, 2025

Rewari : सूरज की चमक ने दिलाई ठंड से राहत, मंगलवार को भी बरसात की संभावना

रेवाड़ी। एक खेत में खड़ी सरसों की फसलरेवाड़ी। एक खेत में खड़ी सरसों की फसल

Rewari

  • – सुबह के समय कोहरे ने रोकी वाहनों की रफ्तार, दोपहर बाद तेज धूप से चढ़ा दिन का पारा
  • -15 जनवरी को एक बार फिर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही

Rewari : रेवाड़ी। दो दिन पहले हुए मध्यम बरसात के बाद कड़ाके की ठंड ने लोगों को जमकर कंपकंपाया। कोहरे का भी जबरदस्त प्रकोप बना रहा। सोमवार दोपहर तक हाड़ कंपाने वाली ठंड परेशान करती रही। दोपहर बाद सूर्य की तपिश से ठंड का असर कम हो गया। दिन का तापमान बढ़ने से लोगों को शाम तक राहत मिली रही। 15 जनवरी को एक बार फिर से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है।

सोमवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। नेशनल और स्टेट हाइवे पर वाहनों की गति धीमी रही। लगभग आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन भी कोहरे के कारण देरी से हुआ। दोपहर के समय कोहरे को चीरते हुए सूरज दिखाई दिया। इसके बाद तेज धूप खिलते ही कड़ाके की ठंड का असर कुछ हद तक कम हो गया। अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 15.5 पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी 4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 10 डिग्री पर पहुंच गया। तापमान बढ़ने से हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप फिलहाल कम हो गया, परंतु अभी इससे पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रविवार के मुकाबले सोमवार का दिन ठंड से काफी राहत देने वाला साबित हुआ। हवाओं की गति 5 किमी प्रति घंटा से भी कम रहने के कारण शीत लहर से राहत मिली रही। मौसम विभाग के अनुसार आगामी बुधवार को मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। आसमान में घने बादलों के साथ कहीं हल्की, तो कहीं मध्यम बरसात हो सकती है। इस दौरान तापमान में उताव-चढ़ाव भी बना रहेगा। ठंड और कोहरे का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा।

ओलावृष्टि की आशंका कर रही परेशान

दिसंबर के अंत में बरसात के साथ हुई ओलावृष्टि ने बावल व धारूहेड़ा क्षेत्र में सरसों की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया था। जिले के अन्य भागों में ओलावृष्टि नहीं हुई, जिससे सरसों और गेहूं की फसल काफी अच्छी है। दो दिन पूर्व हुई बरसात ने फसलों के लिए टॉनिक का कार्य किया है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के साथ किसानों को ओलावृष्टि की आशंका सता रही है। अगर इस समय ओलावृष्टि होती है, तो वह फसलों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।

https://vartahr.com/rewari-sunshine-…-rain-on-tuesday/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *