National Games
- -मणिपुर की बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया
- -मणिपुर तालिका में 19 पदक जीतकर शीर्ष पर, 19 पदकों के साथा सेना दूसरे स्थान पर
- -कर्नाटक कुल 17 पदकों के साथ दो स्थान गिरकर तीसरे स्थान पर आया
National Games : देहरादून/हलद्वानी। चौदह वर्षीय प्रतिभाशाली तैराक धीनिधि देसिंघु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए शुक्रवार को यहां महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में जीत के साथ चौथा स्वर्ण पदक हासिल किया तो वही मणिपुर की एस बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर अपने छोटे राज्य को इन खेलों की पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचाने में अहम योगदान दिया। अपने छोटे आकार के बावजूद खेलों में महाशक्ति के तौर पर पहचान बना चुके मणिपुर ने भारोत्तोलन और वुशु में एक-एक स्वर्ण सहित आठ पदक जीतकर कुल 19 (नौ स्वर्ण, सात रजत, तीन कांस्य) पदक जीते। सेना के पास भी नौ स्वर्ण है लेकिन उसके कुल पदकों की संख्या मणिपुर से एक कम है। सेना की टीम एक दिन पहले चौथे पायदान पर थी लेकिन अब दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उन्होंने शुक्रवार को पांच स्वर्ण सहित कुल 18 (नौ स्वर्ण, छह रजत, तीन कांस्य) सहित नौ पदक जोड़े। एक दिन पहले तक शीर्ष पर काबिज कर्नाटक कुल 17 पदक (नौ स्वर्ण, चार रजत, चार कांस्य) के साथ दो स्थान गिरकर तीसरे स्थान पर आ गया। महाराष्ट्र ने भी शुक्रवार को नौ पदक जोड़े और उनकी कुल संख्या 32 (सात स्वर्ण, 16 रजत, नौ कांस्य) है। महाराष्ट्र के पास सबसे ज्यादा पदक है लेकिन स्वर्ण पदक की संख्या कम है। कर्नाटक का प्रतिनिधित्व करने वाली धीनिधि ने हलद्वानी 26.96 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि उनकी टीम की साथी नीना वेंकटेश ने कांस्य (27.34 सेकंड) और महाराष्ट्र की अवंतिका चव्हाण ने रजत (27.28 सेकंड) जीता। कर्नाटक के शॉन गांगुली ने पुरुषों की 400 मीटर मेडले में 4:29.10 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि गुजरात के आर्यन नेहरा (4:31.81) और मध्य प्रदेश के अद्वैत पेज (4:35.83) ने क्रमशः रजत और कांस्य हासिल किया। महाराष्ट्र के मिहिर अंब्रे ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल (23.29 सेकेंड) में स्वर्ण पदक जीता, जबकि कर्नाटक के दो बार के ओलंपियन श्रीहरि नटराज (23.37 सेकेंड) दूसरे और तमिलनाडु के जोशुआ थॉमस (23.40 सेकेंड) तीसरे स्थान पर रहे। ऋषभ दास ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक में 2:03.34 मिनट का समय लेकर महाराष्ट्र के स्वर्ण पदक में इजाफा किया, जबकि तमिलनाडु के निथिक नाथेला (2:04.75) और गुजरात के देवांश परमार (2:06.56) ने रजत और कांस्य पदक जीता।
बिंद्यारानी महिलाओं के 55 किग्रा में चमकी
मणिपुर की स्टार भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी ने महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग के स्नैच में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता। तमिलनाडु के एन अजित ने शुक्रवार को यहां पुरुषों के 73 किग्रा वर्ग में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। गुजरात और गोवा में राष्ट्रीय खेलों में दबदबा बनाने के बाद अजित ने उत्तराखंड में भी शीर्ष स्थान हासिल किया। राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता बिंद्यारानी ने स्नैच में अपने अंतिम प्रयास में 88 किग्रा वजन उठाकर मीराबाई चानू का 86 किग्रा का रिकॉर्ड तोड़ा। मीराबाई का पसंदीदा वजन वर्ग हालांकि 49 किग्रा है और उन्होंने कुछ समय के लिए 55 किग्रा में भाग लिया था।
बंगाल की शरबानी दास को रजत पदक
बंगाल की शरबानी दास ने रजत पदक जबकि मणिपुर की नीलम देवी ने कांस्य पदक जीता। इस तरह से मणिपुर इस स्पर्धा में दो पदक हासिल करने में सफल रहा। विश्व जूनियर चैंपियन पार्थ माने ने निशानेबाजी प्रतियोगिता में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में महाराष्ट्र के अपने साथी रुद्राक्ष पाटिल को पीछे छोड़कर स्वर्ण पदक जीता। सेना के किरण जाधव ने कांस्य पदक जीता।
हरियाणा ने रग्बी में महाराष्ट्र को हराया
हरियाणा की पुरुष टीम ने रग्बी सेवंस स्पर्धा में फाइनल में महाराष्ट्र को हराया, जबकि ओडिशा की महिला टीम ने बिहार को हराकर स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की। हरियाणा ने पुरुषों के फाइनल में महाराष्ट्र को 22-7 से हराया, जबकि महिलाओं के फाइनल में ओडिशा ने बिहार को 29-5 से रौंदा। महाराष्ट्र ने मैच की शुरुआत में हरियाणा को बड़ी चुनौती दी और एक समय स्कोर 7-7 की बराबरी पर था। हरियाणा ने हालांकि इसके बाद अपने खेल के स्तर को ऊंचा करते हुए महाराष्ट्र को कोई मौका नहीं दिया। बिहार ने गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में ओडिशा की महिला टीम को 12-7 से हराया था लेकिन शुक्रवार को फाइनल में बिहार के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही और ओडिशा ने आसानी से जीत दर्ज कर ली। पुरुषों के कांस्य पदक मैच में ओडिशा ने 0-10 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए पश्चिम बंगाल को 26-10 से मात दी। महिलाओं के तीसरे स्थान के मैच में महाराष्ट्र ने दिल्ली को 17-10 से हराया।
https://vartahr.com/national-games-i…e-national-games/