• Mon. Jan 19th, 2026

Haryana News - Vartahr

हरियाणा ,करियर, देश विदेश की खबरें

Yoga Festival : योग, भारत की प्राचीनतम और बहुमूल्य परंपरा : आयुष मंत्री आरती सिंह राव

Yoga Festival

  • -योग महोत्सव 2025 का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का पड़ाव
  • -21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्यता के साथ मनाएं
  • -योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं

Yoga Festival : चंडीगढ़। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आज का यह योग महोत्सव 2025 का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह देखकर अत्यंत संतोष होता है कि हरियाणा के नागरिक योग के महत्व को न केवल समझ रहे हैं, बल्कि उसे अपने जीवन में उतार भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग, भारत की प्राचीनतम और बहुमूल्य परंपरा है, जो केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शांति का भी मार्ग है। यह हमारी संस्कृति की पहचान है, जिसे आज पूरा विश्व अपनाने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से जब से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत हुई है, तब से हर वर्ष करोड़ों लोग इससे जुड़ते जा रहे हैं। आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग के अथक प्रयासों से प्रदेश में योग शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर गांव, हर शहर में योग प्रशिक्षकों की उपलब्धता हो, और लोग नियमित योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भव्यता के साथ मनाएं और योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और आयुष विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल ने कहा कि आज का यह योग महोत्सव 2025 अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून से 25 दिन पहले मनाया जा रहा है। इसका अभिप्राय यही है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की रूपरेखा है को आज से शुभारंभ कर दिया है।

हरियाणा योग आयोग अध्यक्ष डॉ जयदीप ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया

मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग को निर्देश दिया है कि 21 जून का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम अभूतपूर्व होना चाहिए, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने योग दिवस को केवल एक कार्यक्रम का रूप नहीं, बल्कि जन आंदोलन बनाने का मार्गदर्शन दिया है। हरियाणा योग आयोग अध्यक्ष डॉ जयदीप आर्य ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का स्वागत करते हुए कहा कि योग का गौरव बढ़ाने में मुख्यमंत्री की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का भविष्य सशक्त हाथों में है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रयासों से योग को पूरे विश्व तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्राकृतिक चिकित्सा की भूमि है और योग को प्राकृतिक चिकित्सा के साथ जोड़कर योग सहायकों और बच्चों को विदेशों में भेजा जा सकता है। इसके अलावा, योग शिक्षकों को भी विदेशों में भेजने की संभावनाएं तलाशी जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा एक मात्र राज्य है, जहां योग को स्कूलों में पाठ्यक्रम में जोड़ा गया है। कार्यक्रम में आयुष विभाग महानिदेशक संजीव वर्मा और हरियाणा योग आयोग उपाध्यक्ष रोशन लाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *