Weather
- -शुक्रवार को दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा
- -कई स्थानों पर ओले गिरने से बढ़ी परेशानी
- -गेंहू व सब्जियों की फसलों को भारी क्षति पहुंची
Weather : कुरुक्षेत्र। शाहबाद में शुक्रवार शाम को हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि के कारण फसलों में नुकसान पहुंचा है। इसके साथ-साथ मौसम में भी काफी ठंडक बढ़ गई है। शुक्रवार को दूसरे दिन भी बारिश का दौर जारी रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। बारिश के चलते मौसम ने करवट ली है जहां एक तरफ लोग गर्मी का एहसास करने लगे थे और गर्मी के चलते पंखे चलने शुरू कर दिए थे। वहीं दोबारा पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाके में ठंड का एहसास होने लगा है। आज शाम को बरसात और ठंडी हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हुई जिस कारण किसानों को गेहूं की फसल खराब होने का डर है। ओलावृष्टि के कारण अगेती गेहूं फसल के साथ सब्जियों की फसलों में नुकसान पहुंचा है।
फसलें बर्बाद हो रही
किसानों का कहना है कि बारिश व ओलावृष्टि के कारण उनकी गेंहू व सब्जियों की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। बारिश व ओलावृष्टि से फसल बिछ गई है। सबसे अधिक नुकसान अगेती फसलों में हुआ है। ओलावृष्टि से गेंहू की फलियों से दाना झड़ गया है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि सरकार को किसानों की नष्ट फसलों का सर्वे करवाकर पीड़ित किसानों को मुआवजा देना चाहिए। वहीं बरसात के चलते नगर के कई हिस्सों में पानी की निकासी न होने के कारण जल भराव की स्थिति बन गई। ठंड के कारण नगर के चाय पकौड़े वालों की दुकानों पर अच्छी ग्राहकी देखी गई। बरसात के कारण बाजार में कारोबार का मंदा रहा।