• Fri. Feb 7th, 2025

Weather : हरियाणा में दो दिन तेज बारिश का अलर्ट, ठंड से यूपी-बिहार में 12 मरे

रेवाड़ी। कड़ाके की ठंड में अलाव तापते लोग।रेवाड़ी। कड़ाके की ठंड में अलाव तापते लोग।

 

Weather

  • हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी, पारा माइनस में
  • मैदानी भागों में कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित
  • कुछ जिलों में दोपहर के समय तेज धूप निकलने से मिली कुछ राहत
  • शाम होते ही पसरी कोहरे की चादर, रेंगकर चले वाहन, जन-जीवन अस्त-व्यस्त

Weather : रेवाड़ी/नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी और मैदानी भागाें में कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग दिनभर घरों में दुबकने को मजबूर हैं। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण ठंड का असर तेज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों ने जान गंवाई है। हरियाणा समेत देश के 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन भी घना कोहरा देखने को मिला। दृश्यता घटने के कारण दिल्ली में रविवार को 200 से अधिक फ्लाइटें लेट हुईं। 7 रद भी हुईं। वहीं, 60 से ज्यादा ट्रेनें भी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचीं। दिल्ली में 3 दिनों में कुल 900 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हो चुकी हैं। मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी 7 जिलों में भारी बर्फबारी के आसार हैं।

जमी झील में फंसे चार पर्यटक

अरुणाचल प्रदेश की सेला झील का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 4 टूरिस्ट फंसे हुए नजर आ रहे हैं। ये सभी जमी हुई झील पर चलते समय उसमें फंस गए। हालांकि बाद में उनका रेस्क्यू कर लिया गया।

शोपियां देश का तीसरा सबसे ठंडा स्थान

लद्दाख के न्योमा और द्रास के बाद देश का तीसरा सबसे ठंडा इलाका शोपियां जिले का हिरपोरा गांव है। यहां फिलहाल 2 फीट बर्फ है। दिन के डेढ़ बजे यहां तापमान माइनस 13 डिग्री है। रात में यह माइनस 20 डिग्री तक पहुंच रहा है।

प्रदेश के 11 जिलों में छाई धुंध और कोहरा

हरियाणा के 11 जिलों में रविवार सुबह घनी धुंध व कोहरा छाया रहा। इनमें हिसार, जींद, पानीपत, सोनीपत, करनाल, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और चरखी दादरी शामिल हैं। यहां दृश्यता करीब 10 से 50 मीटर रही। रेवाड़ी में धुंध की वजह से तिलक ब्रिज एक्सप्रेस ट्रेन आधा घंटा देरी से पहुंची। जम्मू तवी से चलकर अजमेर को जाने वाली पूजा एक्सप्रेस और सिरसा एक्सप्रेस करीब 5 घंटे लेट है।

आज और कल बारिश संभव

मौसम विभाग ने हरियाणा में 2 दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से शीतलहर भी चल रही है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के बाद प्रदेश के अधिकांश जिले खासकर उत्तरी हरियाणा में मौसम में बदलाव दिखेगा। इसके बाद 6 और 7 जनवरी को कुछ जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। सिरसा और फतेहाबाद में बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने सम्पूर्ण इलाके पर येलो अलर्ट जारी कर दिया है। रविवार को अधिकतर स्थानों पर सघन कोहरा ऊपरी सतह और निचले स्तर पर छाया रहा, जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में विजिबिलिटी काफी कम रही। 7 जनवरी से एक बार दिन और रात के तापमान में गिरावट और शीतलहर शीत दिवस और कोहरा की गतिविधियों को दर्ज किया जाएगा। तापमान सामान्य से कम रहने के कारण कड़ाके की ठंड कुछ दिनों तक परेशान करती रहेगी।

https://vartahr.com/weather-heavy-ra…n-up-bihar-at-12/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *