• Tue. Apr 22nd, 2025

Weather : लगातार दूसरे दिन भी तपा प्रदेश, पारा 43 डिग्री के पास

Weather

  • भीषण गर्मी ने लोगों को तपाया, सड़कें बाजार सूने
  • आज भी भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी
  • 10 के बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता दिलाएगी राहत

Weather : रेवाड़ी। प्रदेश में भीषण गर्मी ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वहीं, कई जिलों में न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मंगलवार को सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रेवाड़ी में पारा 42.0 डिग्री पर पहुंच गया। दिनभर बाजार और सड़कें सूने दिखाई दिए। लोग घरों में ही दुबके रहे। मौसम विभाग ने हीटवेव का येलो अलर्ट तीन दिन के लिए जारी किया था। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 10 अप्रैल को आसमान में बादल छाने के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है। तीन दिन तक बादल छा सकते हैं। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना भी जताई जा रही है।

लू के थपेड़ों ने सताया

सामान्य से अधिक तापमान होने के कारण 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। बुधवार को हवा की गति 16 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है, जिससे लोगों को समय से पहले लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ सकता है। गत वर्ष की तुलना में इस बार तापमान काफी ज्यादा चल रहा है। गत वर्ष 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री और न्यूनतम 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गर्मी का अगर यही हाल रहा तो इस बार मई और जून में लोगों को भयंकर लू के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा।

कल से तीन दिन राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इससे 10 अप्रैल से आसमान में बादल छा सकते हैं। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। 12 अप्रैल तक आंशिक या घने बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान दिन के तापमान में काफी कमी आ सकती है। एक बार तापमान में गिरावट के बाद कम से कम एक सप्ताह तक हीटवेव के प्रकोप से निजात मिली रह सकती है।

घरेलू बिजली की खपत बढ़ी

मौसम गर्म होने के कारण घरेलू क्षेत्र में बिजली की खपत में इजाफा होना शुरू हो गया है। इस समय कृषि क्षेत्र में बिजली की मांग कम होकर 4 लाख यूनिट के आसपास बनी हुई है। जिले में बिजली की दैनिक 60 लाख यूनिट के आसपास है। तापमान बढ़ने के बाद एसी और कूलर चलने शुरू हो गए हैं, जिससे घरेलू क्षेत्र में बिजली की खपत सोमवार सायं तक 11.82 लाख यूनिट तक पहुंच गई। मंगलवार को खपत में और भी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *