Weather
- मौसम वैज्ञानिक बोले, 7 मई तक गर्मी का प्रकोप कम रहेगा
- पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के आसार
- तापमान में गिरावट बनी रहेगी, लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी
Weather : हरियाणा। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भी कई जिलों में बारिश हुई और तेज हवा चली। वहीं, नूंह में ओले गिरने की भी सूचना है। नूंह में शनिवार सुबह बारिश हुई और 10 मिनट तक ओले गिरे। इसके अलावा, भिवानी, फरीदाबाद और पलवल में भी हल्की बारिश हुई। गुरुग्राम में तेज बारिश दर्ज की गई। चरखी दादरी, नारनौल और झज्जर में बादल छाए रहे व कुछ स्थानों पर बारिश हुई। कुरुक्षेत्र में भी देर रात बारिश हुई थी। वहीं, मौसम विभाग ने पंचंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह व पलवल में 25 से 50 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 और 5 मई तक बारिश और अंधड़ का अलर्ट जारी किया है।
तापमान में गिरावट बनी रहेगी
कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 7 मई तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। 3 मई रात्रि से 7 मई तक लगातार दो पश्चिमीविक्षोभ के आंशिक प्रभाव से आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी व हल्की बारिश और अंधड़ चलने की संभावना। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट बनी रहेगी।
क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश होगी। पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में 50-75 प्रतिशत संभावना है, जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत व सोनीपत में 25-50 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। वहीं अन्य जिलों में 25 प्रतिशत तक बारिश संभावित है। 5 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश का अनुमान है। जिसमें से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार व जींद में 25 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है। वहीं अन्य जिलों में 25-50 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है।