• Mon. Apr 21st, 2025

Haryana : स्कूलों में खेल सुविधाएं होंगी मजबूत, केंद्र ने भेजे रुपये, 31 तक खर्च करने होंगे

Byadmin

Mar 22, 2025

Haryana

 

  • -हिसार को सबसे ज्यादा एक करोड़, चार जिलों में 81-81 लाख से ज्यादा आए
  • -कूलों में खेल संसाधन मुहैया करवाए जाएंगे ताकि खिलाड़ी पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकें
  • -14 करोड़ 78 लाख 95 हजार रुपये की राशि जारी की

 

Haryana : चंडीगढ़। राजकीय स्कूलों में खेल सुविधाएं मजबूती होंगी। स्कूलों में खेल संसाधन मुहैया करवाए जाएंगे ताकि खिलाड़ी पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले सकें। भारत सरकार की ओर से खेल अनुदान के तहत 14 करोड़ 78 लाख 95 हजार रुपये की राशि जारी की है। प्रदेशभर के 14 हजार 219 स्कूलों में खेल सुविधाओं को मजबूती देने के लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से जिलावार खेल ग्रांट का आवंटन कर दिया गया है। ग्रांट का आवंटन प्राथमिक पाठशाला से लेकर माध्यमिक व उच्च विद्यालय और वरिष्ठ विद्यालयों में चार श्रेणियों में होगा। इसको लेकर बाकायदा शिक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग से ग्रांट आवंटित की है, ताकि कहीं भी खेल इक्यूपमेंट खरीदने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के तहत खेल अनुदान के तहत ग्रांट जारी की गई है। ग्रांट को आगामी 31 मार्च तक खर्च करने के निर्देश दिए गए हैं। 31 मार्च तक खेल ग्रांट खर्च न करने वाले स्कूलों की ग्रांट लैप्स हो जाएगी।

छह सदस्यीय कमेटी करेगी खेल संसाधनों की खरीद

भारत सरकार की ओर से ग्रांट जारी करने के साथ हिदायत दी गई है कि खेल सामग्री की खरीद के समय स्कूल स्तर पर कमेटी गठित की जाएगी। गठित कमेटी को निर्धारित किए गए मानदंडों की पालना करनी होगी। कमेटी स्कूल प्राधिकारियों की आवश्यकता के अनुसार खेल उपकरणों तथा खेल सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार करेगी, उसके आधार पर खेल सामग्री की खरीद की जाएगी। जिला स्तर पर गठित कमेटी स्कूल स्तर से उपयोगिता प्रमाण पत्र एकत्रित करेगी और पूरे जिले का संकलित उपयोगिता प्रमाण पत्र मुख्यालय भिजवाया जाएगा।

एसएमसी चेयरमैन होंगे कमेटी के अध्यक्ष

खेल उपकरणों की खरीद करने के लिए स्कूल स्तर पर छह सदस्यीय कमेटी गठित की जाएगी। स्कूल प्रबंधन कमेटी का चेयरमैन ही कमेटी का चेयरमैन होगा। विद्यालय मुखिया सदस्य सचिव, सरपंच सदस्य और एक एसएससी सदस्य, जिसकी पृष्ठभूमि खेलों से जुड़ी हो उसे सदस्य के तौर पर नामित किया जाएगा। तकनीकी सदस्य के तौर पर एईओ व शारीरिक शिक्षा शिक्षक, डीपीई व पीटीआई को शामिल किया जाएगा।

 किस जिले में कितनी ग्रांट

जिला    स्कूल     ग्रांट
अंबाला     764    74.85 लाख
भिवानी     748    81.60 लाख
चरखी-दादरी     366    42.35 लाख
फरीदाबाद     374    39.85 लाख
फतेहाबाद     622     65.10 लाख
गुरुग्राम     573     57.85 लाख
हिसार     877    1.02 करोड़
झज्जर     519    63.15 लाख
जींद     718     81.35 लाख
कैथल     587    62.40 लाख
करनाल     768    77.80 लाख
कुरुक्षेत्र     771    69.30 लाख
महेंद्रगढ़     722     71.85 लाख
नूंह     894    84.70 लाख
पलवल     601    58.05 लाख
पंचकूला     415    37.20 लाख
पानीपत     412    46.90 लाख
रेवाड़ी     635     65.40 लाख
रोहतक     403     53.60 लाख
सिरसा     825     84.45 लाख
सोनीपत     708    81.05 लाख
यमुनानगर     917    77.75 लाख

https://vartahr.com/haryana-sports-f…be-spent-by-31st/ ‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *