Agroha
- -दुनिया से अग्रोहा के व्यापारिक व सांस्कृतिक संबंधों की कडी को मिलेगा विस्तार : डॉ अरविंद शर्मा
- -बजट में प्राचीन टीला पर उत्खनन की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री मंगलवार को करेंगे शुभारंभ
- -भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण व पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की संयुक्त टीम करेगी उत्खनन
Agroha : चंडीगढ़। तक्षशिला और मथुरा के व्यापार मार्ग पर स्थित महाराजा अग्रसेन की नगरी अग्रोहा के प्राचीन टीला पर 41 साल के बाद उत्खनन शुरू होने जा रहा है। हरियाणा में सिंधु-सरस्वती सभ्यता के प्राचीन व ऐतिहासिक उदाहरण राखीगढी के बाद अग्रोहा में उत्खनन से इस क्षेत्र के दुनिया से व्यापारिक व सांस्कृतिक संबंधों के ठोस प्रमाण देखने को मिलेंगे, जिससे वैश्विक मंच पर भारत की नगर नियोजन व्यवस्था व विभिन्न अवधि में सांस्कृतिक, व्यापारिक, मानव जीवन शैली का विस्तार रूप प्रदर्शित होगा। प्रदेश के विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को अग्रोहा में केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित प्राचीन टीला के उत्खनन कार्य व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान के पीजी डिप्लोमा पुरातत्व के 2025 बैच के छात्र पुरातत्वविदों के प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन करेंगे। अरविंद शर्मा ने कहा कि प्राचीन टीला पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण व पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की संयुक्त टीम उत्खनन के माध्यम से अग्रोहा और बाहरी दुनिया के व्यापारिक संपर्क की प्रकृति को समझने की कोशिश करेगी। अग्रोहा में 1978 से वर्ष 1984 तक हुई खुदाई के दौरान पाए गए ऐतिहासिक नगर नियोजन व्यवस्था का अध्ययन करते हुए प्राचीन दुनिया में व्यापार के क्षेत्रीय केंद्र के तौर पर कडी जोडी जाएंगी।
25 को मुख्यमंत्री सैनी करेंगे शुभारंभ : शर्मा
अग्रोहा बस्ती के स्वरूप और इस स्थान पर पाए जाने वाले भौतिक अवशेषों की प्रकृति को जानते हुए बाहरी दुनिया के साथ उनके संबंध को जोडा जाएगा। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रदेश के आम बजट में भी अग्रोहा प्राचीन टीला पर उत्खनन शुरू करने और साइट संग्रहालय, इंटर-प्रिटेशन सेंटर की स्थापना, लाइट व साउंड शो का आयोजन और तारामंडल का निर्माण कराने की घोषणा की थी। अब 25 मार्च को दोपहर 2 बजे अग्रोहा स्तिथ प्राचीन टीला पर होने वाले आयोजन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, मंत्री रणबीर गंगवा सहित प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे।
https://vartahr.com/agroha-excavatio…n-after-41-years/