Moosam
- -भारी बारिश के कारण, निचले इलाकों में जलभराव, लोग परेशान
- – 15 जिलों में तीन घंटे भारी बारिश का अलर्ट
- – उमसभरी गर्मी से मिली राहत, तापमान गिरा
Moosam : हरियाणा। रोहतक और सोनीपत समेत करीब 12 जिलों में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई। इसके कारण निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सोनीपत, झज्जर और रोहतक में सड़कों पर पानी भर गया। सोनीपत में दुकानों और घरों में भी पानी घुस गया। हॉकी स्टेडियम में पानी भरा होने की वजह से खेल मंत्री गौरव गौतम को जूते उतारने पड़े। उन्होंने चप्पल पहनकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। वहीं, नूंह में तेज बारिश के अलर्ट के चलते डीसी विश्वास कुमार मीणा ने 4 से 9 जुलाई तक अधिकारियों और कर्मचारियों को हेडक्वार्टर में रहने के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को हिसार, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, करनाल, फतेहाबाद, झज्जर, चरखी दादरी, जींद और महेंद्रगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। वहीं, जलभराव ने लोगों को खूब परेशान किया। कई तगह सड़कों पर गाड़ियां बंद हो गई। गुरुवार को भी हिसार और फतेहाबाद में बारिश हुई थी। अब तक प्रदेश में औसत से 32% अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। दूसरी ओर बारिश की वजह से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। क्योंकि इस बारिश को फसलों के लिये बेहद आवश्यक माना जा रहा है। मानसून की यह बारिश दो तीन दिन और जारी रह सकती है।
रोहतक में 58 एमएम बरसात
रोहतक में 58 और कलानौर खंड मुख्यालय पर 25 एमएम बरसात दर्ज की गई। इस मौसम में पहली बार रोहतक में एक बार में सबसे ज्यादा ज्यादा बरसात दर्ज की गई। धान की खेती करने वाले किसानों को अधिक फायदा हुआ है। किसान बारिश से खुश हैं। इन क्षेत्रों में जिन किसानों ने बाजरे की बुआई पहले की थी, उन्हें अब लाभ मिल रहा है। जिन किसानों ने बाजरे की फसल की बुआई बाद में की है उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कपास की स्थिति ठीक है।
सोनीपत में ये हाल
सोनीपत में बारिश से जहां एक ओर तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई। गीता भवन चौक, ककरोई चौक, सुभाष चौक, मॉडल टाउन, सेक्टर 14 व 15, जैसे प्रमुख स्थानों पर जलभराव के कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पानी भरने से दोपहिया वाहन खराब हो गए और जाम की स्थिति भी उत्पन्न हुई। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
आज यहां बारिश संभव
मौसम विभाग के अनुसार 5 जुलाई को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में 75 से 100 प्रतिशत तक, करनाल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, पलवल, नूंह और फरीदाबाद में 50 से 75 प्रतिशत तक, जबकि जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार और कैथल में 25 से 50 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है। सिरसा और फतेहाबाद में भी 25 प्रतिशत तक बारिश हो सकती है। हरियाणा में अब तक औसतन 86.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सामान्यतः इस अवधि में 65.4 मिमी बारिश होती थी। इस बार सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है।
सात जुलाई तक बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली मानसूनी हवाएं तेजी से हरियाणा की तरफ बढ़ रही हैं। इसके अलावा राजस्थान के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण 7 जुलाई तक प्रदेश में झमझम बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने छह और सात जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
https://vartahr.com/weather-heavy-ra…shops-and-houses/