Weather
- 200 फ्लाइट लेट, श्रीनगर व अमृतसर एयरपोर्ट बंद
- हिमाचल में बर्फबारी से पारा माइनस 14 डिग्री तक लुढ़का
- उत्तर भारत के 14 राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में
- हरियाणा के 13 शहर मनाली-शिमला से भी ठंडे रहे
- घनी धुंध से दृश्यता 5 मीटर, 12 बजे के बाद निकला सूरज
- हिसार में हरियाणा रोडवेज की बस धुंध में डंपर से टकराई
- दरवाजा अटकने से भगदड़, 70 यात्री सवार थे बस में
Weather : हरियाणा/नई दिल्ली। भीषण ठंड ने उत्तर भारत को बेहाल कर दिया है। धुंध, कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण शुक्रवार को लोग घरों में दुबके रहे। कहीं राहत नहीं मिली। कोहरे के कारण हरियाणा के हालात भी खराब हैं। वाहन सड़कों पर रेंगते दिखाई दिए। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घने कोहरे की वजह से 200 से अधिक फ्लाइट्स लेट हुईं। दिल्ली और आगरा से खुलने वाली कई ट्रेनें देर से खुलीं। श्रीनगर और अमृतसर एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से सैकड़ों फ्लाइट्स और ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। उत्तर भारत के 14 राज्यों में कोहरे का असर साफ दिखाई दे रहा है। पंजाब के अमृतसर में जीरो विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। यहां फ्लाइट्स के ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी विजिबिलिटी और बर्फबारी की वजह से फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा में शीतलहर के कारण आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बिहार की राजधानी पटना में भी ठंड के कारण सभी स्कूलों और सभी क्लास की टाइमिंग बदल दी गई है।
पहाड़ाें पर भारी बर्फबारी
पहाड़ों पर भी भारी बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश मे बर्फबारी के बाद से प्रदेश के 5 क्षेत्रों का पारा माइनस में पहुंच गया है। ताबो का न्यूनतम तापमान -14.7 डिग्री, समदो का -9.3 डिग्री, कुकुमसैरी -6.9 डिग्री, कल्पा का -2 और मनाली का 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी और शीतलहर के कारण पारा माइनस में बना हुआ है। सैकड़ों पर्यटक फंसे हुए हैं।
हरियाणा में ठिठुर रहे लोग
हरियाणा में हिमाचल से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक हिसार और पानीपत समेत 13 शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला और मनाली से भी कम है। शिमला का 11.5 और मनाली का 7.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 11 डिग्री से कम रहा। शुक्रवार को नारनौल सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार, पानीपत, रोहतक, फरीदाबाद, झज्जर, सोनीपत, जींद, पलवल, नूंह और महेंद्रगढ़ समेत कई शहरों में दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध छाई। घनी धुंध होने से दृश्यता 5 से 10 मीटर रही।
10 शहरों में कोल्ड डे
प्रदेश के 10 शहरों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत शामिल हैं। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में कोल्ड डे का अटैक पूरा दिन रहा।
क्या कहता है मौसम विभाग
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण हवाओं में बदलाव होगा उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना से मौसम करवट लेगा। 4 से 6 जनवरी के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। 5 जनवरी की रात और 6 जनवरी को राज्य में उत्तर व दक्षिण पश्चिमी के कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। 7 जनवरी से मौसम खुश्क रहेगा और ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी।
https://vartahr.com/weather-dense-fo…hts-rail-traffic/