पत्नी ने पति की हत्या कराई :-
रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी जिले में सामने आए एक सनसनीखेज हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में पता चला कि युवक की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रचकर करवाई थी। आरोपियों ने पहले युवक का दम घोंटा और फिर शव को नहर में फेंककर हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की।
मृतक की पहचान गांव जड़थल निवासी 21 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी तन्नू और प्रेमी के दोस्त हरिओम को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पत्नी ने फोन कर बुलाया, फिर रची गई हत्या की साजिश
डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि जांच के दौरान मृतक की पत्नी की भूमिका संदिग्ध लगी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तन्नू का गांव मुंडनवास निवासी सोनू के साथ प्रेम संबंध था। मोनू को इस संबंध की जानकारी मिल चुकी थी, जिसके बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
आरोप है कि तन्नू ने स्वयं मोनू को फोन कर कसौली बुलाया। वहां पहले से मौजूद सोनू और उसके साथियों ने मोनू का नाक और मुंह दबाकर दम घोंट दिया। जब वह बेसुध हो गया तो उसे नहर में फेंक दिया गया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।
नहर में मिला था शव, शुरू में लगा हादसा
मोनू के पिता रत्नलाल ने 8 जून को कसौला थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मोनू दवा लेने के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी पर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
10 जून को गांव आसलवास के पास नहर से उसका शव बरामद हुआ। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले थे और उसकी स्कूटी भी नहर के पास मिली थी। शुरुआती जांच में मामला नहर में डूबने से मौत का माना गया था।
परिवार की आशंका से खुला हत्या का राज
परिजनों ने शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों के आधार पर पत्नी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, तन्नू ने कबूल किया कि उसने अपने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर मोनू की हत्या की योजना बनाई थी। इसके बाद सोनू और उसके दोस्तों ने वारदात को अंजाम दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
कसौला थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी तन्नू और हरिओम को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मुख्य आरोपी सोनू और अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
तीन साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मोनू और तन्नू की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। दोनों 12वीं पास थे और मोनू राजस्थान के खुशखेड़ा स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। तन्नू इसी साल अप्रैल में पहली बार ससुराल आई थी और बाद में कई बार मायके और ससुराल के बीच आती-जाती रही।
7 जून को मोनू को तन्नू को लेने जाना था, लेकिन कंपनी से वेतन मिलने में देरी के कारण वह एक दिन बाद निकला। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और 10 जून को उसका शव नहर में मिला।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
-
ताजा अपडेट के लिए VartaHR.com विजिट करें
