Cold Wave
- गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें पहुंची लेट
- घने कोहरे से गेहूं को फायदा, सब्जियों को नुकसान
- हरियाणा में धुंध से कई जगह हादसे, ऑरेंज अलर्ट जारी
- नारनौल 3.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा
- सुबह के समय घनी धुंध छा रही
- महेंद्रगढ़ में 152 डी पर 6 वाहन आपस में टकराए
- अंबाला कैंट जाने वाली 26 ट्रेनें लेट
- एक से हाड़ तोड़ ठंड की शुरुआत होगी
- कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना
वार्ता एचआर टीम। हिसार सहित आसपास के एरिया में शीत लहर तथा घने कोहरे के तेवर उग्र हो चुके हैं। मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाए रहा, जिसके कारण वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा गया। इसका असर रेल व परिवहन सेवाओं पर व्यापक असर देखने को मिला। करीब 10 मीटर से भी कम दृश्यता वाहन चालकों के लिए परेशानी बनी रही। उधर, धुंध के साथ पड़ी रही ओंस गेहूं तथा सरसों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में पाला जमने से सब्जियों की फसल को नुकसान का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर की रात को एक और पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा में सक्रिय होगा। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी व बारिश की संभावना है जिसके कारण नए साल पर ठंड और बढ़ सकती है। नए साल के पहले ही दिन प्रदेश के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार है। मंगलवार को हिसार का अधिकतम पारा 20 तथा न्यूनतम पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रात्रि पारा बढ़ने व दिन में धूप खिलने से कुछ राहत
सोमवार के मुकाबले मंगलवार को हिसार के न्यूनतम पारे में थोड़ी वृद्धि दर्ज की गई लेकिन सुबह के समय ठंड ज्यादा ही रही। दोपहर के समय निकली तेज धूप ने सर्दी से थोड़ी राहत अवश्य दिलाई। ठंड के मामले में मंगलवार को प्रदेश में 3.8 डिग्री सेल्सियस के साथ नारनौल सबसे ठंडा रहा, वहीं 5.1 डिग्री सेल्सियस के साथ महेन्द्रगढ़ दूसरे, 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ भिवानी तीसरे व 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ हिसार चौथे स्थान पर रहा। बता दें कि रविवार 2.5 व सोमवार 2.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारे के साथ हिसार प्रदेश में सबसे ठंडा रहा था।
गोरखधाम एक्सप्रेस करीब 4 घंटे लेट
जानकारी के अनुसार घने कोहरे का असर ट्रेनों पर देखने को मिला। मंगलवार को गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटों की देरी से हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। ठंड में ठिठुरते यात्रियों को टे्रेनों का इंतजार करना पड़ा। गोरखधाम एक्सप्रेस करीब 4 घंटे देरी से पहुंची। इसके अलावा कई और ट्रेनों भी अपने निर्धारित समय से देरी के साथ आवागमन कर रही थी। वहीं घने कोहरे के चलते रोडवेज की बसों की रफ्तार भी धीमी रही। अन्य वाहन भी सुबह व रात्रि के समय रेंगते हुए नजर आए।
ठंड से बचाव के लिए नागरिक सतर्क रहें
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन व पशुधन को सर्दी और शीतलहर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एडवाइजरी जारी की गई है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे शीतलहर के दौरान सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना करें। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में थोड़ी सी सावधानी अपनाकर स्वयं तथा अपने पशुओं को ठंड के दुष्प्रभाव से सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिक गर्म कपड़ों की पर्याप्त व्यवस्था रखें। घरों में ठंडी हवा के प्रवेश को रोकने के लिए दरवाजे व खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें। अनावश्यक यात्रा से बचें और यथासंभव घर के अंदर ही रहें। उन्होंने बताया कि बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढकने वाले गर्म कपड़े पहनें। उन्होंने बुजुर्गों, नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
आज बदलेगा मौसम, कल बारिश के आसार
राजकीय महाविद्यालय नारनौल के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 31 दिसम्बर को एक नया मध्यम श्रेणी का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक चक्रवातीय सर्कुलेशन उत्तरी राजस्थान और दक्षिणी पंजाब पर बनने से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी पहुंचने से रात से ही मौसम में बदलाव और 1 जनवरी को अलसुबह से हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की गतिविधियों की प्रबल संभावना है। हालांकि सम्पूर्ण हरियाणा के पंजाब से सटे उत्तरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश जबकि मध्य और पश्चिमी हिस्सों में मध्यम और दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों की संभावना बन रही है और उत्तरी जिलों में एक दो स्थानों पर तेज़ गति की हवाओं के साथ छिट-पुट ओलावृष्टि को नकारा नहीं जा सकता। जैसे ही मौसम प्रणाली 2 जनवरी को आगे निकल जाएगी और हाड़ कंपा देने वाली ठंड अपने तेवरों को प्रचंड बनाएगी।

