weather
- -इस सप्ताह मौसम साफ रहने की संभावना, आज से और चढ़ सकता है पारा
- -अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की मामूली वृद्धि के साथ 30.0 डिग्री पर
- -न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़कर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा
- -बीते सप्ताह बरसात और ओलावृष्टि ने मौसम ठंडा बना दिया था
weather : रेवाड़ी। बीते सप्ताह मौसम ने किसानों को जमकर परेशान किया। कई इलाकों में हल्की बरसात और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि ने फसलों को नुकसान भी पहुंचाया है। इसके बावजूद जिन इलाकों में ओलावृष्टि नहीं हुई, वहां अभी भी अच्छे फसल उत्पादन की उत्पादन की उम्मीद है। मौसम साफ हो गया है। लगभग एक सप्ताह तक बरसात की संभावना नहीं है। तापमान में एक बार फिर से वृद्धि होना शुरू हो गया है। रविवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक मौसम गर्म हो गया। अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की मामूली वृद्धि के साथ 30.0 डिग्री पर आ गया। न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री बढ़कर 16.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते सप्ताह बरसात और ओलावृष्टि ने मौसम ठंडा बना दिया था। इससे पूर्व बीते मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से गर्मी की दस्तक का अहसास होना शुरू हो गया था। बरसात के बाद मौसम ठंडा होने के बाद अब एक बार फिर गर्मी का असर शुरू हो गया है। पंखे चलने शुरू हो गए हैं। अब कूलर और एसी चलने का समय भी जल्द आ रहा है। गर्म कपड़ों की विदाई भी हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह बरसात की कोई संभावना नहीं है। सप्ताह के मध्य आंशिक बादल जरूर छा सकते हैं। तापमान में सप्ताह के शुरू से ही वृद्धि होना शुरू हो जाएगा। हवाओं की रफ्तार तेज रह सकती है। माह के अंत तक गर्मी पसीने छुड़ाना शुरू कर देगी।
तेजी से चल रहा सरसों कटाई का कार्य
मौसम में बदलाव के बाद किसानों ने सरसों की कटाई का कार्य तेजी से शुरू किया हुआ है। सरसों की पछेती फसल भी पककर तैयार हो चुकी है, जिस कारण किसानों को श्रमिकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। बीते सप्ताह हुई ओलावृष्टि से जिले के 40 से 50 गांवों में फसलों को नुकसान का अनुमान लगाया गया है। जिन इलाकों में ओलावृष्टि नहीं हुई, वहां अभी भी अच्छा फसल उत्पादन होने की उम्मीद है। किसान जल्द से जल्द सरसों काटकर निकालने के प्रयास में लगे हुए हैं। दूसरी ओर हल्की बरसात और मौसम में बदलाव से गेहूं की फसल को भी काफी फायदा मिला है। इससे गेहूं का पकाव अच्छा होने की संभावना बन गई है।
https://vartahr.com/weather-relief-a…e-begins-to-rise/