Waqf law
- प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, गाड़ियां फूंकी
- पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आसूं गैस के गोले छोड़े
- मुस्लिम लॉ बॉर्ड ने 11 अप्रैल को देश में प्रदर्शन की चेतावनी दी
Waqf law : नई दिल्ली/कोलकाता/इंफाल/चेन्नई। पिछले सप्ताह संसद द्वारा पारित वक्फ (संशोधन) अधिनियम मंगलवार से देशभर में लागू हो गया। केंद्र सरकार ने एक अधिसूचना में यह जानकारी दी। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की अधिसूचना में कहा गया, ‘वक्फ (संशोधन) अधिनियम, 2025 की धारा 1 की उप-धारा (2) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए केंद्र सरकार ने 8 अप्रैल, 2025 से उक्त अधिनियम के प्रावधान लागू कर दिए हैं। लोकसभा और राज्यसभा ने क्रमशः तीन अप्रैल और चार अप्रैल की मध्य रात्रि के बाद वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पांच अप्रैल को प्रस्तावित कानून को अपनी मंजूरी दे दी थी। देश में वक्फ कानून लागू होते ही पश्चिम बंगाल में हिंसा भड़क उठी, वहीं तमिलनाडु और मणिपुर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया और कानून को रद करने की मांग की। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मंगलवार शाम को लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। कई वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। इसमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों से झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वक्फ कानून के विरोध में मुर्शिदाबाद में मुस्लिम संगठन प्रदर्शन कर रहा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इससे भीड़ हिंसक हो गई। लोगों ने पुलिस के वाहनों और अन्य वाहनों में आग लगी दी। इसके बाद भारी पुलिसबल मौके पर तैनात किया गया है।
वक्फ कानून वापस लिया जाए
प्रदर्शनकारी वक्फ कानून के खिलाफ अपना विरोध जता रहे है। उनकी मांग थी कि इसे तुरंत वापस लिया जाए। जब पुलिस ने जुलूस को रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने गुस्से में आकर पुलिस पर ईंटें फेंकी और सड़क को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया। इसके बाद, उन्होंने पुलिस की कई गाड़ियों में आग लगा दी। राष्ट्रीय राजमार्ग 12 को जाम कर दिया।
11 को देश में प्रदर्शन करेगा लॉ बोर्ड
वक्फ संशोधन बिल को पास होने के बाद से अबतक सुप्रीम कोर्ट में 12 याचिकाएं दाखिल हो चुकी हैं। वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने 11 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
मणिपुर और चेन्नई में रैलियां निकाली
मणिपुर के इंफाल ईस्ट, बिष्णुपुर और चेन्नई में वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ मुस्लिम संगठनों ने मंगलवार को रैलियां निकाली। बिष्णुपुर जिले के क्वाकता में प्रदर्शनकारियों ने वक्फ संशोधन अधिनियम को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए नारे लगाए और चार किलोमीटर तक मार्च किया। विरोध मार्च में बुर्का पहने कई महिलाएं भी शामिल हुईं। प्रदर्शनकारी मोहम्मद नासिर ने कहा, वक्फ अधिनियम संविधान का उल्लंघन करता है। यह अल्पसंख्यक मुसलमानों को निशाना बनाता है और एकजुट भारत की भावना को तोड़ने वाला कदम है। हम इस अधिनियम और हमारी पुश्तैनी संपत्तियों को हड़पने की सरकार की साजिश की निंदा करते हैं।