• Fri. Feb 7th, 2025

Delhi Election : केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से किए गए 10 वादे, सभी ढकोसले साबित हुए : पुरी

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी।केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी।

Delhi Election

  • -कहा, आप केवल झूठे वादे करती है और भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है
  • -पंजाब में महिलाओं को दिए जाने वाले 1100 रुपये की योजना अभी भी अधर में

Delhi Election : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आरोप लगाया है कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता झूठे वादों किए और 10 वर्षों तक दिल्ली को सिर्फ बर्बाद किया। केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली की जनता से न केवल झूठ बोला, बल्कि उन्हें लगातार ठगा है। केजरीवाल ने 2020 में जो 10 वादे दिल्ली की जनता से किए थे, वे सभी केवल हवा-हवाई साबित हुए। पुरी ने कहा कि वर्ष 2020 में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे और 2022 में पंजाब में जो कहा था, उससे सभी भली-भांति परिचित हैं। दिल्ली देश की राजधानी है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने राजधानी का पूर्ण रूप से सत्यानाश कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने 2022 में पंजाब चुनाव के दौरान कहा था कि दिल्ली में किए गए वर्ल्ड क्लास बदलाव वे पंजाब में भी करेंगे। लेकिन उन्होंने वास्तव में क्या बदलाव किए? उन्होंने पंजाब की महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। यह वादा 2022 में किया गया था, और आज 2025 चल रहा है। तीन साल बीत गए, लेकिन किसी को एक पैसा भी नहीं दिया गया। स्थिति यह है कि माताओं और बहनों को अपने अधिकारों के लिए दिल्ली आकर आवाज उठानी पड़ रही है। दूसरा वादा केजरीवाल ने पंजाब की जनता से किया था कि वे पंजाब को नशामुक्त बनाएंगे। लेकिन आज पंजाब की स्थिति कैसी है, यह पूरे मीडिया में चर्चा का विषय है। पंजाब के हालात और नशामुक्ति अभियान की सच्चाई दिख रही है।

ऐसे साधा निशाना

पुरी ने कहा कि 8 फरवरी 2020 को दिल्ली में चुनाव हुए थे, और अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को 10 गारंटी दी थीं। 19 जनवरी को केजरीवाल ने वादों का पिटारा खोला था, जिसमें पहला 24 घंटे बिजली और 200 यूनिट मुफ्त बिजली, दूसरा 24 घंटे पाइप से पेयजल पहुंचाने और हर घर को 20 हज़ार लीटर पानी देने का वादा किया गया था। तीसरा वर्ल्ड क्लास शिक्षा देने के लिए 500 स्कूल बनाने का दावा किया गया, लेकिन 2022 तक स्कूलों की जगह केवल 65 क्लासरूम बने। सेंट्रल विजिलेंस एजेंसी ने खुलासा किया है कि केजरीवाल सरकार ने टॉयलेट को क्लासरूम बताया और कुछ काम नहीं किया। चौथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर मोहल्ला क्लिनिक का खेल खेला गया। पांचवां ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए केजरीवाल ने 500 किलोमीटर मेट्रो विस्तार और 11 हज़ार नई बसें लाने का वादा किया था, ताकि छात्रों और महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा सके। छठा प्रदूषण रोकने और यमुना को साफ करने का वादा करते हुए 2 करोड़ पेड़ लगाने की बात कही गई थी, लेकिन आज यमुना 500 गुना ज्यादा प्रदूषित है और पेड़ न जाने कहां गायब हो गए। सातवां दिल्ली को कचरा मुक्त करने, 1.5 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने और सड़कों पर लाइट लगाने का वादा किया, आठवां मोहल्ला मार्शल की नियुक्ति, नौवां कच्ची कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाने जैसे वादे भी किए गए। इसके अलावा, दसवां वादा झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों को जहां झुग्गी, वहीं मकान के तहत घर देने का वादा भी केवल शब्दों तक सीमित रहा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी झूठ और फरेब की फैक्ट्री है। भाजपा और आप में यही सबसे बड़ा अंतर है। भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है।

https://vartahr.com/delhi-polls-10-p…o-be-a-hoax-puri/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *