• Fri. Apr 25th, 2025

BJP : आंतरिक लोकतंत्र नहीं होने के नतीजे आज कई दलों में दिख रहे: मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा।पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा।

BJP

  • प्रधानमंत्री ने भाजपा के सदस्यता अभियान का किया शुभारंभ
  • हमने श्रद्धा से दीवारों पर कमल पेंट किया, विश्वास था कि कभी न कभी तो कमल दिलों पर भी पेंट हो जाएगा
  • इस बार का सदस्यता अभियान भी 10 करोड़ का आंकड़ा पार करेगा

BJP : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भाजपा के ‘राष्ट्रीय सदस्यता अभियान-2024’ की शुरुआत की। इस मौके पर सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह समेत भाजपा के बड़े नेताओं ने फिर से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा मुख्यालय में इस अवसर पर मोदी ने कहा कि आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भाजपा एक मात्र दल है। जो अपनी पार्टी के संविधान के अनुसार अक्षरश: लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने कार्य का विस्तार कर रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, जब तक जिस संगठन के जरिए या जिस राजनीतिक दल के जरिए देश की जनता सत्ता सौंपती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, उनमें आंतरिक लोकतंत्र निरतंतर नहीं पनपता है, तो स्थिति वैसी ही बनती है जो आज देश के कई दलों की हम देख रहे हैं।

दीवारों पर कमल पेंट किया

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं जब राजनीति में नहीं था, तो जनसंघ के जमाने में बढ़े उत्साह के साथ कार्यकर्ता दीवारों पर दीपक पेंट करते थे तो कई राजनीतिक दल के नेता अपने भाषणों में मजाक उड़ाते थे कि दीवारों पर दीपक पेंट करने से सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचा जा सकता है। हम वो लोग हैं, जिन्होंने श्रद्धा से दीवारों पर कमल पेंट किया, क्योंकि विश्वास था कि दीवारों पर पेंट किया कमल कभी न कभी तो दिलों पर भी पेंट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उसी जीवन को जीते हैं और अपने आदर्शों के लिए जूझते हैं। उन्होंने कहा कि चुनौती को चुनौती देना भाजपा की रगों में है। सदस्यता अभियान वहां से शुरू हो जहां सबसे कम वोट मिले हैं। सदस्यता अभियान पुराने रिकार्ड तोड़ेंगा। नए बूथों तक पहुंचेगा।

भाजपा का कार्यकर्ता निरंतर भ्रमण करता था

मोदी ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में होता है। रेल में इसलिए, कि भाजपा का कार्यकर्ता निरंतर भ्रमण करता था, प्रवास करता था और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सत्ता पर बैठे हुए लोगों के सामने संघर्ष करता था, इसलिए कभी जेल तो कभी बाहर, ये उसकी स्थिति होती थी। उन्होंने कहा कि ये सदस्यता अभियान सिर्फ एक रस्म नहीं है। यह हमारे परिवार का विस्तार है। यह संख्याओं का खेल नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि हम कितने नंबर हासिल करते हैं। यह सदस्यता अभियान एक वैचारिक एवं भावनात्मक आंदोलन है।

यह बोले नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी देश का प्रधानसेवक होने के नाते, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्व करने के नाते, प्रशासन की बारीकियों में दिन-रात व्यस्त रहते हैं। हालांकि, संगठन को जब भी आवश्यकता पड़ी है, व्यस्ततम समय में भी वो पार्टी को आगे बढ़ाने की चिंता करते हैं। भाजपा के प्रति आस्था को देखकर मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इस बार का सदस्यता अभियान भी 10 करोड़ का आंकड़ा पार करेगा।

भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी : शाह

अमित शाह ने कहा कि भाजपा न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है बल्कि सबसे लोकतांत्रिक पार्टी भी है। उन्होंने कहा कि कोई भी अन्य पार्टी भाजपा जितनी पारदर्शिता और ईमानदारी से अपना सदस्यता अभियान नहीं चलाती है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी में कार्यकर्ता महज सदस्यता का एक अंक नहीं, बल्कि हमारे यहां कार्यकर्ता एक जीवंत इकाई, विचारधारा का वाहक, कार्य-संस्कृति का पोषक और हमारे कार्यकर्ता सरकार और संगठन के बीच में कड़ी का भी काम करते हैं, जो सरकार को हमेशा जनता के साथ जोड़कर रखता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि पीएम ने यह सुनिश्चित किया है कि भले ही हम बड़े सपने देखें, लेकिन लोगों से किए गए हमारे वादे हमेशा उन चीजों के अनुरूप होने चाहिए जिन्हें हम पूरा करने में सक्षम हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *