child trafficking
- -इंदौर में बच्चा बेचने वाला 11 सदस्यीय गैंग गिरफ्तार, दो फरार
- -महिलाओं का गिरोह लंबे समय से मानव तस्करी में जुड़ा हुआ था
- -आरोपितों में 6 महिलाएं और 5 पुरुष, 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया
child trafficking : इंदौर। शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में बच्चा बेचने वाली गैंग को पुलिस ने पकड़ा है। इस पूरे प्रकरण में अब तक 11 आरोपी सामने आए हैं, जिनमें 6 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने इनमें से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी पुलिस हिरासत में है, जिससे पूछताछ जारी है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता पहले से आरोपी महिलाओं को जानता था। उसने महिलाओं से बच्चा लेने की डील की, जिसकी सूचना उसने पुलिस को दे दी। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को एफआईआर दर्ज की। शिकायतकर्ता रितेश व्यास आजाद नगर का रहने वाला है। लगभग छह महीने पहले उसकी मुलाकात प्रमिला पति अविनाश साहू (निवासी मयूर नगर) और वंदना पति राजू मकवाना (निवासी टॉवर चौराहा) से मूसाखेड़ी चौराहे पर हुई थी। दोनों ने खुद को बुजुर्गों के लिए केयर सेंटर चलाने वाली बताया था। इसके बाद तीनों की कई बार मुलाकात हुई। प्रमिला और वंदना ने रितेश को बताया था कि वे नि:संतान लोगों की मदद और उनको बच्चे दिलाने का काम भी करती हैं। इस पर रितेश को शक हुआ। रितेश को कुछ लोगों से जानकारी मिली कि वे पहले हीरानगर थाना क्षेत्र में बच्चा बेचने के मामले में जेल जा चुकी हैं।
ऐसे चलता था रेकेट
रितेश ने इस मामले की जानकारी अपने दोस्त को दी और दोनों ने मिलकर पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बच्चा गोद लेने के बहाने डील की और आरोपियों को 4 अगस्त को अग्रसेन चौराहे पर मिलने बुलाया। यहां प्रमिला और वंदना ने रितेश से राजू, प्रिया और बच्चे की मां सोनू बेन से परिचय कराया। सोनू की गोद में करीब डेढ़ माह का बच्चा था। बातचीत के दौरान प्रमिला और वंदना ने कहा कि सोनू की हालत ठीक नहीं है, इसलिए वह बच्चा देना चाहती है। इसी बीच रितेश ने पुलिस को बुला लिया। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रमिला और वंदना ने बच्चे के बदले रितेश से 10 लाख रुपए की डील की थी, लेकिन सोनू को सिर्फ 4 लाख रुपए देने की बात कही गई थी। आर्थिक रूप से कमजोर सोनू इस बात के लिए राजी हो गई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पकड़ी गई महिलाओं के संबंध लुटेरी दुल्हन गैंग से भी हैं। पुलिस के अनुसार इन महिलाओं ने शादी का झांसा देकर राजस्थान के झालावाड़ और मध्यप्रदेश के रतलाम (नामली) के दो युवकों से ठगी की थी।
सोनू गुजरात की रहने वाली
सोनू मूलतः गुजरात की रहने वाली है। साल 2022 में उसके पहले पति ने उसे छोड़ दिया था। इसके बाद वह उज्जैन आ गई थी। यहां एक युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर धोखा देकर छोड़ गया। सोनू को पहले पति से एक बेटी है। गर्भवती होने के दौरान उसकी मुलाकात प्रमिला और वंदना से हुई। दोनों ने उसे आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया और डिलीवरी का खर्च भी उठाया। इसके बाद बेटे को पालने में असमर्थता जताने पर उन्होंने उसे बच्चा बेचने के लिए राजी कर लिया।
https://vartahr.com/child-traffickin…n-for-rs-10-lakh/