• Wed. Mar 11th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Char Dhaam : अक्षय तृतीया पर गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, चारधाम यात्रा शुरू

Char Dhaam

  •  पीएम मोदी ने यात्रा के सफल आयोजन की कामना की
  •  उत्तराखंड के सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से की पूजा
  • श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई
  •  केदारनाथ के 2 और बद्रीनाथ के 4 मई को खुलेंगे कपाट

Char Dhaam : देहरादून। उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की इस वर्ष की चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री दोनों धामों के कपाट खुलने के समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने दोनों धामों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की। यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के अवसर पर मंदिर में पहुंचने वाले धामी पहले मुख्यमंत्री हैं। उत्तराखंड के चारधामों में शामिल दो अन्य धामों-केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट क्रमश: दो मई और चार मई को खुलेंगे। भाषा

हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

मंदिरों के कपाट खुलने के अवसर पर गंगोत्री एवं यमुनोत्री मंदिर के ऊपर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार, बुधवार सुबह देवी गंगा की मूर्ति को लेकर उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची जहां विशेष पूजा-अभिषेक के साथ पूर्वाह्न 10 बजकर 30 मिनट पर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले दिए गए। इसके बाद देवी यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से चलकर यमुनोत्री धाम पहुंची और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र

उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं और इन धामों की यात्रा का सौभाग्य प्राप्त करने की आकांक्षा हर श्रद्धालु के मन में रहती है। मुख्यमंत्री ने कहा, ”सुरक्षित और सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा के लिए राज्य में व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। इसके साथ ही यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *