• Tue. Mar 10th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

Pehlagam Attack : 272 पाक नागरिकों ने भारत छोड़ा, 629 भारतीय वापस लौटे

Pehlagam Attack

  • -आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़कर जाने का निर्देश दिया था
  • -दक्षेस वीजा धारकों के लिए भारत स्वदेश लौटने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल निर्धारित की
  • -चिकित्सा वीजा रखने वालों को 29 अप्रैल तक देश से जाने का निर्देश दिया गया था

Pehlagam Attack : नई दिल्ली। पिछले दो दिन में करीब 272 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा चौकी के रास्ते भारत छोड़ पाकिस्तान जा चुके हैं। एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को पाकिस्तान के 12 श्रेणियों के अल्पकालिक वीजा धारकों के लिए भारत में रहने की समय सीमा समाप्त होने के मद्देनजर सैकड़ों और पाकिस्तानियों के स्वदेश लौटने की संभावना है। अधिकारी के मुताबिक, पंजाब स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते 13 राजनयिकों और अधिकारियों समेत कुल 629 भारतीय नागरिक पिछले दो दिन में पाकिस्तान से भारत वापस आ चुके हैं। भारत सरकार ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़कर जाने का निर्देश दिया था। दक्षेस वीजा धारकों के लिए भारत स्वदेश लौटने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल निर्धारित की गई थी। वहीं, चिकित्सा वीजा रखने वालों को 29 अप्रैल तक देश से जाने का निर्देश दिया गया था। जिन 12 श्रेणियों का अल्पकालिक वीजा रखने वाले लोगों को रविवार तक वापस जाना है, उनमें आगमन पर वीजा, व्यवसाय, फिल्म, पत्रकार, पारगमन, सम्मेलन, पर्वतारोहण, छात्र, आगंतुक, सामूहिक पर्यटन, तीर्थयात्रा और सामूहिक तीर्थयात्रा वीजा धारी लोग शामिल हैं।

कुछ हवाई मार्ग से भी जा रहे

दीर्घकालिक और राजनयिक या आधिकारिक वीजा रखने वालों को अभी भारत छोड़ने का निर्देश नहीं दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 25 अप्रैल को 191, जबकि 26 अप्रैल को 81 पाकिस्तानी नागरिक अटारी-वाघा सीमा के रास्ते स्वदेश चले गए। 25 अप्रैल को 287 भारतीय नागरिक अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से भारत आए, जबकि 26 अप्रैल को 13 राजनयिकों और अधिकारियों सहित कुल 342 भारतीयों ने इस मार्ग से स्वदेश वापसी की। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ पाकिस्तानी संभवतः हवाई मार्ग से भी भारत छोड़कर चले गए होंगे। उन्होंने बताया कि चूंकि, भारत का पाकिस्तान के साथ सीधा हवाई संपर्क नहीं है, इसलिए वे संभवतः अन्य देशों के लिए रवाना हो गए होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *