• Sun. Mar 9th, 2025

WEATHER : हरियाणा में अब रात का पारा भी चढ़ना शुरू, दिन का तापमान 32 डिग्री पहुंचा

एक खेत में पककर तैयार हुई सरसों।एक खेत में पककर तैयार हुई सरसों।

WEATHER

  • -आज से मौसम में बदलाव की आशंका
  • – इस सप्ताह आसमान में बादलों के बीच बूंदाबांदी
  • -इस सप्ताह आसमान में बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी होने की संभावना

WEATHER : रेवाड़ी। रात का पारा दो दिन से चढ़ना शुरू हो गया है, जिससे ठंड का असर अब कम होना शुरू हो गया है। दिन का तापमान 32 डिग्री पर पहुंच गया है, जिससे दिन के समय मौसम गर्म बना रहता है। सुबह-शाम के समय ठंड का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। 10 मार्च से मौसम में एक बार फिर बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है। इस सप्ताह आसमान में बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। बीते सप्ताह मौसम लगातार साफ बना रहा। दिन का तापमान पूरे सप्ताह लगातार बढ़ता रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 32 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान अभी तक नीचे गिर रहा था। दो दिन से यह भी बढ़ना शुरू हो गया। 2 डिग्री की वृद्धि के साथ न्यूनतम तापमान भी 10.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। गत वर्ष 9 मार्च को अधिकतम तापमान 26.6 और न्यूनतम 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हवा में नमी का स्तर 43 फीसदी रहा, जबकि 13 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। रात के तापमान में गिरावट से अभी तक सुबह के समय ठंड का असर देखने को मिल रहा था। दिन के समय तापमान बढ़ने के कारण बीते सप्ताह से ही पंखे भी चलने शुरू हो गए। अब रात का तापमान बढ़ने से सुबह के समय भी ठंड का असर कम होना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। इससे सप्ताह के शुरू में ही आसमान में आंशिक या घने बादल छा सकते हैं। तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

किसानों की टेंशन बढ़ाएगा मौसम

इस समय किसान सरसों की कटाई का कार्य तेजी से कर रहे हैं। अगेती फसल मंडियों में आने लगी है। सोमवार से मौसम में बदलाव आने से किसानों की टेंशन बढ़ सकती है। हल्की बरसात सरसों की कटाई का कार्य बाधित कर सकती है। अगर बरसात के साथ ओलावृष्टि होती हे, तो इससे फसलों को नुकसान हो सकता है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में बदलाव गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद भी साबित हो सकता है। हल्की बरसात गेहूं की फसल का अच्छा पकाव करने में सहायक हो सकती है। तेज हवाओं के साथ होने वाली बरसात जरूर फसल को नुकसान पहुंचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *