Rakhigharhi Festival,
- मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता रहे समापन अवसर पर मुख्य अतिथि
- सिंधु-सरस्वती घाटी सभ्यता विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक है
- राखीगढ़ी में पुरातात्विक खुदाई के दौरान मिले साक्ष्य यह प्रमाणित करते हैं कि उस समय के लोग अत्यंत उन्नत, विद्वान और वैज्ञानिक सोच वाले थे
- हमारे पूर्वजों की विद्वत्ता और संस्कृति पीढ़ी दर पीढ़ी हम तक पहुंची है, जिस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए
हिसार। तीन दिवसीय ऐतिहासिक राखीगढ़ी महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में हिसार मंडल के आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने मुख्य अतिथि रहे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त महेंद्र पाल ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी, कलाकार तथा बड़ी संख्या में दर्शक एवं पर्यटक उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने हजारों की संख्या में उपस्थित दर्शकों और पर्यटकों को संबोधित करते हुए कहा कि राखीगढ़ी आकर उन्हें अत्यंत खुशी और गौरव की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि सिंधु-सरस्वती घाटी सभ्यता विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक है। राखीगढ़ी में पुरातात्विक खुदाई के दौरान मिले साक्ष्य यह प्रमाणित करते हैं कि उस समय के लोग अत्यंत उन्नत, विद्वान और वैज्ञानिक सोच वाले थे। हमारे पूर्वजों की विद्वत्ता और संस्कृति पीढ़ी दर पीढ़ी हम तक पहुंची है, जिस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए।
आयुक्त ने विजेताओं को किया सम्मानित
इस अवसर पर मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने तीन दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर तथा नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही महोत्सव को सफल बनाने में कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
डीसी महेन्द्रपाल ने लिया खिलाड़ियों से परिचय
समापन समारोह से पहले मुख्य अतिथि मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता और उपायुक्त महेंद्र पाल ने खेल मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल को खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया। इस दौरान खिलाड़ियों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सेल्फी ली तथा ग्रुप फोटो भी खिंचवाए, जिससे उत्साह का माहौल और भी बढ़ गया।
प्रर्दशनी व स्टालों का अवलोकन किया
मुख्य अतिथि मंडल आयुक्त रवि प्रकाश गुप्ता, उपायुक्त महेंद्र पाल ने महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी स्टालों का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद करते हुए उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली और सराहना की। अधिकारियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
राखीगढ़ी महोत्सव की सराहना
प्रदर्शनी स्टालों के निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने उपायुक्त महेंद्र पाल से बातचीत करते हुए राखीगढ़ी महोत्सव की जमकर सराहना की। लोगों ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से उन्हें सिंधु-सरस्वती घाटी सभ्यता एवं संस्कृति और पुरातात्विक धरोहर से जुड़ी कई नई और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने महोत्सव को लेकर किए गए प्रशासनिक प्रबंधों की भी प्रशंसा की। इस अवसर पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं से संवाद कर न केवल उनका फीडबैक लिया, बल्कि आगामी वर्ष आयोजित होने वाले राखीगढ़ी महोत्सव को और अधिक भव्य एवं बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने छोटे बच्चों को दुलार कर उनका उत्साह भी बढ़ाया। समापन अवसर पर एसडीएम वेद प्रकाश बेनीवाल ने मुख्य अतिथि रवि प्रकाश गुप्ता, उपायुक्त महेंद्र पाल, पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन, सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों का महोत्सव को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सभी को नववर्ष की अग्रिम शुभकामनाएं दी।
खेल मुकाबलों में ये रहे विजयी
राखीगढ़ी महोत्सव में आयोजित 65 किलोग्राम भार के कुश्ती मुकाबले में मिर्चपुर गांव के खिलाड़ी संदीप प्रथम स्थान पर रहे। इन्हें 51 सो की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया। 92 किलो वर्ग भर में डाबड़ा गांव के खिलाड़ी सचिन प्रथम स्थान पर रहे, उन्हें 21 हजार की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया, इसी प्रकार से 125 किलोग्राम वर्ग भार में मिर्चपुर गांव के खिलाड़ी रोहित प्रथम स्थान पर रहे उन्हें भी 21 हजार की राशि देकर सम्मानित किया। कबड्डी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जींद की टीम प्रथम रही। महिला वर्ग में भिवानी रोहिल्ला गांव की टीम प्रथम स्थान पर रही। कुश्ती प्रतियोगिता में महिला वर्ग में 53 किलोग्राम भार मुकाबले में किरण प्रथम स्थान पर रही उन्हें 51सौ की राशि, 62 किलो ग्राम वर्ग भार मुकाबले में अंशिका प्रथम स्थान पर रही उन्हें 8100 की राशि तथा 72 किलोग्राम वर्ग भर के मुकाबले में मनीषा प्रथम स्थान पर रही इन्हें 81 00 रुपए की राशि देकर सम्मानित किया गया।



