• Fri. Feb 7th, 2025

Sonipat : बूंदाबांदी से छटा कोहरा, दिनभर निकली रही धूप, अब फिर कोहरे के आसार

धूप में नहाया सोनीपत शहर।धूप में नहाया सोनीपत शहर।

 

Sonipat

  • मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों तक छाया रहेगा कोहरा, उसके बाद फिर से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
  • 10 बजे तक बनी रही थी ठंड, इसके बाद निकली धूप ने दी राहत
  • अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दर्ज की गई 5 डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी
  • कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया जा चुका है जिले में

Sonipat : सोनीपत। लगातार परिवर्तनशील मौसम के बीच बुधवार देर रात को जिले में बूंदाबांदी हुई। बूंदाबांदी के चलते दो दिनों से छाया कोहरा भी छंट गया। वीरवार को सुबह के समय भी बूंदाबांदी हुई थी। जिसके कारण सुबह के समय तो ठंड थी, लेकिन 10 बजे के बाद मौसम खुलना शुरू गया और धूप निकल आई। जिसके चलते लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि वीरवार शाम होते होते फिर से कोहरे के आसार बन गए हैं। मौसम विशेषज्ञ भी बताते हैं कि आने वाले दिनों में कोहरा परेशान कर सकता है। वैसे भी मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा था। हालांकि बुधवार रात व वीरवार सुबह हुई बूंदाबांदी के बाद कोहरा छट गया और सुबह 11 बजे धूप निकल आई। धूप निकलने की वजह से ठंड से कंपकंपाने को मजबूर लोगों को राहत का अहसास हुआ। पूरा दिन धूप खिली रही, जिसकी वजह से तापमान में भी फेरबदल हुआ। अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ ने दो दिन तक घना कोहरा छाने के आसार जताए हैं।

तापमान में वृद्धि, 4 किमी रही शीतलहर की रफ्तार

आसमान में बादल छाने व दिन में धूप खिलने के बाद अधिकतम व न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। वीरवार को जिले का अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले जिले का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन भर चार किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से शीतलहर चलती रही।

अगले सप्ताह एक और पश्चिमी विक्षोभ

दिसंबर माह से ही जिले में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार जनवरी माह में एक बार फिर से 21 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। जिसकी वजह से 23 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। इस दौरान तापमान में एक बार फिर से उतार-चढ़ाव दर्ज होगा। हालांकि उसके बाद जनवरी माह में बारिश के आसार कम रहेंगे।

गन्नौर में 5 तो गोहाना में 2 एमएम बारिश

सोनीपत जिले में अल सुबह अधिकतर स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। सबसे अधिक बूंदाबांदी गन्नौर ब्लॉक में दर्ज की गई। गन्नौर में कुल पांच एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त गोहाना में 2 एमएम बारिश हई। कृषि क्षेत्र को काफी फायदा पहुंचा है। गेहूं की फसल को सबसे अधिक फायदा पहुंचा है। किसानों को अब गेहूं की सिंचाई करने की आवश्यकता इस माह नहीं पड़ेगी।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बूंदाबांदी हुई है। बूंदाबांदी के बाद वातावरण में नमी बढ़ गई है। ऐसे में अब फिर से कोहरा परेशानी का कारण बनेगा। उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से शीतलहर की फिर से दस्तक होगी और तापमान में कमी आएगी। जल्द ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा।
डॉ.प्रेमदीप, मौसम वैज्ञानिक, केवीके सोनीपत

https://vartahr.com/sonipat-fog-clea…ces-of-fog-again/ ‎

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *