• Fri. Apr 24th, 2026

Haryana , करियर और मनोरंजन की ख़बरें - Vartahr

हरियाणा, देश विदेश, करियर, खेल, बाजार और मनोरंजन की ख़बरें

रोहतक में नकली मोनजेरो इंजेक्शन अलर्ट: सरकार ने जारी किए फर्जी बैच नंबर, जानलेवा हो सकता है खतरा

Byadmin

Apr 24, 2026

 

  • सरकार का अलर्ट, नकली इंजेक्शन की सूची भी जारी की
  • ये इंजेक्शन वजन घटाने के आते हैं काम
  • शुगर भी करते हैं कंट्राेल
  • डॉक्टर्स और आम लोगों को दिए मोनजेरो इंजेक्शन के बैच नंबर, सूचना दें
  • सस्ती दवा के लालच में फंस रहे लोग
  • ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी बन रहे खतरे का जरिया

मनोज वर्मा . रोहतक। सावधान! कहीं आप भी नकली दवा तो नहीं खा रहे। इन दिनों असली रैपर में नकली दवा का धंधा चरम पर है। अब यह ‘डर’ रोहतक पहुंच चुका है। खरीदने से पहले पहचान कर लें कि दवा असली है या नकली। नकली दवाओं का नेटवर्क रडार पर है। इसे देखते हुए रोहतक में ड्रग कंट्रोलर ने अलर्ट जारी कर दिया है। दरअसल, पिछले दिनों गुरुग्राम में वजन कम करने के नकली इंजेक्शन की खेप मिलने के बाद, स्वास्थ्य विभाग एक्शन में है। सभी सरकारी और प्राइवेट डॉक्टर्स, आईएमए, हॉलसेल केमिस्ट एसोसएशन, मेडिकल स्टोर संचालकों को सचेत किया है और पत्र लिखकर नकली मोनजेरो इंजेक्शन के बैच नंबर भी बताए हैं। यह इंजेक्शन वजन और शुगर कंट्रोल करने के काम आता है। इसलिए इसे पतला होने के लिए उपयोग में लाया जाता है।

चीन और रूस आते हैं रॉ ड्रग

रॉ ड्रग का सबसे बड़ा नेटवर्क चीन और रूस से फैला है। नकली दवा बनाने वाले वहीं से रॉ ड्रग मंगाते हैं और यहां छोटे, अवैध लैब या फैक्ट्रियों में इन्हें तैयार करते हैं। असली दवा जैसा रंग, आकार और पैकिंग कॉपी किया जाता है। नकली दवा बेचने वालों का नेटवर्क सस्ती दवा खरीदने वालों को निशाना बनाता है। ये लोग असली दवा सप्लाई चेन में घुस जाते हैं, थोक दवा बाजार या छोटे डिस्ट्रीब्यूटर को सस्ती कीमत में माल देते हैं। कई बार असली और नकली दवा को मिलाकर बेचा जाता है। सस्ती दवाओं को महंगी ब्रांडेड दवा के नाम से पैक कर दिया जाता है। इसके अलावा, ग्रामीण इलाकों में या बिना लाइसेंस वाले दुकानदारों के जरिए यह नेटवर्क ज्यादा फैलता है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी नकली दवा बेची जाती है।

शिकायत नहीं करते कंपनी वाले

कुछ समय पहले रोहतक में नकली दवाएं पकड़ी गई थी। शुरू में कुछ लोग पकड़े गए बाद में चेन जुड़ती गई तो पला चला कि ये नकली दवाएं पुडूचेरी में बन रही थी। वहां से रोहतक सप्लाई हुई। सबसे बड़ी समस्या यह है कि किसी प्रसिद्ध दवा कंपनी के नाम वाली नकली दवा पकड़ी भी जाती है तो कंपनी वाले सामने नहीं आते, शिकायत नहीं करते। इसका कारण है दवा कंपनी का नाम खराब होना और बिक्री गिरना।

इसलिए सतर्क रहें

मोनजेरो इंजेक्शन को पिछले साल 2025 में भारत में सप्लाई की मंजूरी मिली थी। यह इटली की कंपनी का इंजेक्शन है। बााजर में इसकी डिमांड भी बहुत है। वजन कम करने वाले और शुगर के मरीज इसे उपयोग करते हैं। एक महीने में करीब 15 से 16 हजार रुपये के इंजेक्शन लगवाने पड़ते हैं।

ऑनलाइन मिल रही एक्सपायरी दवाएं

लोगों ऑनलाइन दवाएं खरीदने से हमेशा बचना चाहिए, क्योंकि यहां दवाओं की एक्सपायरी डेट हटाकर या मिटाकर नकली एक्सपायरी डेट मिल दी जाती है। कई प्लेटफॉर्म बिना डॉक्टर की पर्ची के दवा दे देते हैं, इससे गलत दवा लेने का खतरा बढ़ता है। ऑनलाइन ऑर्डर में गलती हो सकती है, नाम मिलता-जुलता होने पर गलत दवा आ सकती है। कुछ दवाओं को खास तापमान में रखना जरूरी होता है, इसलिए भी ऑनलाइन का भरोसा नहीं किया जा सकता।

ऐसे करें असली-नकली की पहचान

-रैपर खोलकर दवा हाथ में लें, अगर दवा रंग छोड़ती है तो नकली है।
-दवा हाथ में लेने के बाद भुरभुरा सी जाती है तो यह भी नकली है
-पैकिंग साफ-सुथरी और अच्छी क्वालिटी की नहीं होती।
-स्पेलिंग मिस्टेक, हल्का प्रिंट या धुंधली जानकारी दिखे तो नकली।
-रैपर पर कई बार कंपनी का लोगो और डिज़ाइन सही नहीं होता।
-कई कंपनियां क्यूआर कोड देती हैं, मोबाइल से स्कैन करके जानकारी लें।
-बहुत ज्यादा सस्ती दवा मिलने पर सावधान रहें।
-गोली बहुत ज्यादा नरम, चिपचिपी या टूटने वाली हो तो न लें।

जानलेवा है नकली दवा

-गंभीर मामलों में नकली दवा जानलेवा हो सकती है, खासकर हार्ट, शुगर या इंफेक्शन की।
-दवा लेते रहते हैं, लेकिन फायदा नहीं होता, मतलब असली इलाज ही नहीं मिल रहा।
-नकली दवा से उल्टी, चक्कर, एलर्जी और शरीर के अंगों को नुकसान हो सकता है।
-नकली एंटीबायोटिक से बैक्टीरिया मजबूत होतें हैं, आगे चलकर असली दवा भी असर नहीं करती इसे रेजिस्टेंस कहते हैं।

ये बैच नंबर जारी, अलर्ट रहें

-क्विक पैन 10 एमजी: बैच नंबर: डी 949702
-क्विक पैन 2.5 एमजी : बैच नंबर: डी 924668
-क्विक पैन 7.5 एमजी : बैच नंबर: डी 938368
-क्विक पैन 5 एमजी : बैच नंबर: डी 928027
-क्विक पैन 12.5 एमजी : बैच नंबर: डी 894806
-क्विक पैन 15 एमजी : बैच नंबर: डी 949932

जल्द छापेमारी करेंगे

रोहतक में नकली दवाओं के नेटवर्क पर नजरें रखी जा रही हैं। फिलहाल सभी डॉक्टर्स को मोनजेरो इंजेक्शन के बारे में अलर्ट जारी किया गया है। जल्द छापेमारी की जाएगी। नकली दवा बनाने और सप्लाई करने वाले हर जगह सक्रिय हैं, सख्ती से निपटा जाएगा।
-डॉ. मनदीप मान, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर, रोहतक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *