Rewari news
- आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना, अगले सप्ताह देखने को मिलेगा मौसम में बदलाव
Rewari news : सुबह और शाम के समय छोड़कर दिन के समय सर्दी की विदाई हो चुकी है। दिन का तापमान 30 डिग्री पर पहुंचने के साथ ही पंखे चलने शुरू हो गए हैं। रात के तापमान में गिरावट से सुबह के समय ठंड का असर अभी भी देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में दिन का तापमान और बढ़ने की उम्मीद है। अगले सप्ताह के शुरू में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा। तेज धूप खिलने के कारण दोपहर तक मौसम गर्म हो गया। अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में वृद्धि के कारण दिन में पंखे चलने शुरू हो गए हैं। गर्म कपड़ों की दरकार सुबह और शाम के समय ही रहती है। दोपहर तक गर्म कपड़े शरीर को चुभने लगते हैं। रात के तापमान में एक बार फिर 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हवा की गति 10 किमी प्रति घंटा तक रही, जबकि वातावरण में नमी का स्तर 36 फीसदी तक दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस पर आने के कारण रात के समय अभी भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है। रात का तापमान तीन दिन से लगातार गिर रहा है, जिसके कारण सुबह के समय ठंड का असर बना रहता है।
मौसम जनित रोग फैलने की आशंका
दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से मौसम जनित रोग फैलने की आशंका भी बन गई है। मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विक्षोभ की सक्रियता के चलते आसमान में बादल छाने के साथ ही कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में वृद्धि लगातार बनी रह सकती है।
फसल कटाई के कार्य ने पकड़ा जोर
सरसों की अगेती फसल पककर तैयार हो चुकी है। कई इलाकों में सरसों की कटाई तेजी से की जा रही है। आसमान में बादल छाने के बाद सरसों की कटाई का कार्य और तेज हो जाता है। आने वाले सप्ताह में मंडियों में सरसों की आवक बढ़नी शुरू हो जाएगी। गेहूं की फसल में दाना बन रहा है। दिन का तापमान गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा सकता है। तेज हवाएं चलने के कारण गेहूं की फसल के जमीन पर गिरने की आशंका बनी हुई है, जबकि दिन का तापमान बढ़ने से दीमक का खतरा भी बना हुआ है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार तेज वाहन चलने पर किसानों को गेहूं की सिंचाई से बचना चाहिए। जहां तक संभव हो, गेहूं की सिंचाई रात के समय ही करें।