• Fri. Jun 6th, 2025 10:09:58 AM

Panchkula Yoga Festival : दुर्घटना में मृत्यु होने पर आयुष योग सहायकों के परिवारों को 3-3 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

Panchkula Yoga Festival

  • पंचकूला योग महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किया ‘सूर्य नमस्कार, कई बड़े ऐलान किए
  • प्रदेश में पंजीकृत होंगे योग और प्राकृतिक चिकित्सक, इसी वर्ष से होगी शुरुआत
  • स्कूलों में योग, खेल व अन्य विषयों को शामिल कर पाठ्यक्रम में जोड़ेंगे
  • मुख्यमंत्री ने ‘सूर्य नमस्कार 2025’ के 264 प्रतिभागियों को किया सम्मानित
  • मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग में पारदर्शिता के लिए लॉन्च किए तीन पोर्टल

Panchkula Yoga Festival : चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को पंचकूला में आयोजित भव्य योग महोत्सव के दौरान कई बड़े ऐलान किए। सीएम ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्य करने वाले आयुष योग सहायकों की सेवा के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके परिजनों को अपने ऐच्छिक कोष से 3-3 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। योग और प्राकृतिक चिकित्सकों का पंजीकरण किया जाएगा। इसकी शुरूआत इसी साल से होगी। वहीं, आयुष विभाग में पारदर्शिता लाने के लिए तीन पोर्टल भी लॉन्च किए। सीएम ने कहा कि सरकार ने स्कूलों में पहली से 10वीं कक्षा तक योग को पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया है। अब एक कदम और आगे बढ़ाते हुए योग, खेल व अन्य विषयों को सम्मिलित करते हुए पाठ्यक्रम में शामिल कर औपचारिक रूप से इनकी परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से ‘सूर्य नमस्कार अभियान 2025’ के 264 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस मौके पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आयुष मंत्री कुमारी आरती सिंह राव भी उपस्थित रहीं।

ये तीन पोर्टल लॉन्च किए

-ई-मार्केट प्लेस : इस पर औषधीय पौधे तैयार करने वाले किसान, स्टाकिट्स पंजीकरण कर सकेंगे। उनसे कोई भी व्यक्ति औषधीय पौधों की खरीद कर सकेगा।

– आयुष औषधि इन्वेंटरी : आयुष औषधियों की प्रबंधन प्रणाली पर आयुष विभाग के अधिकारी औषधियों की मांग कर सकते हैं और स्टॉक अपडेट देख सकते हैं।

-ई औषधि लाइसेंसिंग : इस पर नए अथवा लोन लाइसेंस प्राप्त करने, पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए आवेदन किया जा सकेगा।

12 जनवरी से शुरू हुआ सूर्य नमस्कार अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग महोत्सव एक विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह आगले 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2025 से ठीक 25 दिन पहले आयोजित किया जा रहा है। आज ऐसे 264 लोगों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने हाल ही में संपन्न हुए ‘सूर्य नमस्कार 2025’ अभियान में अपने असाधारण प्रदर्शन से सभी को गौरवान्वित किया है। सूर्य नमस्कार अभियान स्वामी विवेकानंद जयंती 12 जनवरी से आरम्भ हुआ था और महर्षि दयानद सरस्वती जी की जयंती 12 फरवरी को इसका समापन हुआ। इसमें 46 लाख लोगों ने भागीदारी की।

योग जीवन शैली

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवन शैली है। यह हमारे ऋषियों की वह अनमोल देन है, जिसे उन्होंने हजारों वर्षों की तपस्या और आत्म-अनुभव से प्राप्त किया। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में योग के बारे में कहा है- ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ अर्थात् योग से कर्मों में कुशलता आती है। योग का अर्थ है-जुड़ना, अर्थात् शरीर, मन और आत्मा का परमात्मा से जुड़ाव ही योग है।

आधुनिकता के साथ जुड़ रहा प्राचीन विज्ञान

सीएम ने कहा कि पंचकूला में राष्ट्रीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, गांव देवरखाना जिला झज्जर में पोस्ट ग्रेजुएट योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान की स्थापना की गई है। इसमें ओपीडी की सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। सरकार योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसके लिए 1121 जगहों को चिह्नित किया है। इनमें से 714 व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुक है। इन व्यायामशालाओं में 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है। 506 आयुर्वेदिक औषधालयों व उपस्वास्थ्य केन्द्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अपग्रेड कर दिया गया है। इन आयुष हेल्थ एण्ड वैलनेस सेंटर में 126 योग इंस्ट्रक्टर की नियुक्ति की जा चुकी है।

इन पुस्तकों का विमोचन
मुख्यमंत्री ने लेखिका मधु पंडित की पुस्तक द डेली पॉज़ – ए मेडिटेशन डायरी फॉर बिज़ी लाइव्स का विमोचन किया। इसके अलावा, हरियाणा योग आयोग द्वारा प्रकाशित 2 मैगज़ीन-योग साधना से विश्व कल्याण और सूर्य नमस्कार विशेषांक तथा स्मारिका का भी विमोचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *