Haryana
- प्रधानमंत्री ने देशव्यापी बीमा सखी योजना काे किया लॉन्च
- बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बाद दूसरी बड़ी योजना का पानीपत से शुभारंभ
- पीएम मोदी बोले, पानीपत की धरा नारी शक्ति का बनी प्रतीक
- हरियाणा की नायब सैनी सरकार के कार्यों की देशभर में हो रही प्रशंसा
Haryana : पानीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पानीपत की धरा से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बाद दूसरी बड़ी योजना ‘बीमा सखी’ को देशभर में लॉन्च किया। इस मौके पर पीएम ने हरियाणा, कर्नाटक, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश की कुल पांच महिलाओं को ‘बीमा सखी’ नियुक्ति पत्र भी सौंपे। पूरे देश में लगभग 25,000 बीमा सखियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। इसके साथ ही पीएम ने कहा कि पानीपत की धरा नारी शक्ति का बनी प्रतीक बन गई है। हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि से महिलाओं के सशक्तीकरण में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। बता दें कि इससे पहले पीएम ने 2015 में पानीपत से ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी, जिसका हरियाणा के साथ-साथ देश में सकारात्मक प्रभाव पड़ा और आज यहां से बीमा सखी योजना का शुभारंभ किया गया है। इसके अलावा पीएम मोदी ने हरियाणावासियों को सौगात देते वर्चुअल माध्यम से महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय, करनाल के मुख्य परिसर का भी शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीमा सखी बनने वाली 18 से 70 साल तक की महिलाओं को हर महीने 5 से 7 हजार रुपये मिलेंगे। टारेगेट पूरा करने पर कमीशन भी दिया जाएगा। देशभर में करीब एक लाख बीमा सखियां नियुक्त की जाएंगी। इससे महिलाएं आत्निर्भर बनेंगी और आर्थिक रूप से मजबूत होंगी। समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन, केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल, हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव उपस्थित रहीं।
हरियाणा की धरा पर आना बेहद सुखद अनुभव
मोदी ने हरियाणा को विश्व शांति और धर्म का ज्ञान देने वाली धरा बताते हुए कहा कि हरियाणा की धरा पर आना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव है। इस समय धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन हो रहा है। गीता की इस धरती को वे नमन करते हैं। हरियाणा के साथ उनका लगाव किसी से छिपा नहीं है।
प्रदेश में तिगुनी रफ्तार से होंगे विकास कार्य
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर दिए जाने को देश के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में राज्य के विकास के लिए तिगुनी रफ्तार से काम करेगी। हरियाणा के लोगों ने जो एक है-तो सेफ हैं के नारे को अपनाया, उसका प्रभाव पूरे देश में नजर आया और हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। राज्य सरकार बनते ही प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, वो पूरे देश ने देखा है। उन्होंने हरियाणावासियों को भरोसा दिलाया कि तीसरी बार बनी डबल इंजन की सरकार राज्य के विकास को तीन गुणा गति से आगे बढ़ाएगी।
सभी फसलें एमएसपी पर खरीद रहा हरियाणा
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार लगातार किसानों के कल्याण के लिए काम कर रही है। हरियाणा में 10 सालों में किसानों को सवा लाख करोड़ रुपये एमएसपी के लिए दिए गए हैं। प्रदेश में लगभग सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। धान, बाजरा, मूंग के किसानों को 14,000 करोड़ रुपये दिए, सूखा प्रभावित किसानों को 800 करोड़ रुपये दिए।
करनाल में बागवानी विवि फसल विविधीकरण पर काम करेंगे
पीएम मोदी ने करनाल के महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर की आधारशिला भी रखी। मुख्य परिसर और छह क्षेत्रीय अनुसंधान स्टेशन 495 एकड़ में फैले हुए हैं, जिनकी स्थापना 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से की जाएगी। विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर अध्ययन के लिए बागवानी का एक कॉलेज और 10 बागवानी विषयों पर केंद्रित पांच स्कूल होंगे। यह बागवानी प्रौद्योगिकियों के विकास के लिए फसल विविधीकरण और विश्वस्तरीय अनुसंधान की दिशा में काम करेगा।
https://vartahr.com/haryana-a-new-fl…mens-empowerment/