Hansi new district Haryana
- सीएम सैनी ने विकास रैली में किया ऐलान, लोगों ने मनाया जश्न
- एक सप्ताह में जारी होगी अधिसूचना, नए जिले का मैप सामने आया
- हांसी में 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायत होंगी शामिल
- रैली में उपस्थित लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाई
- शहर में लोगों ने जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया
- हांसी के लोग इस यादगार दिन को कभी नहीं भूल पाएंगे : कैप्टन अभिमन्यु
Haryana news, हांसी(Hansi), तोशाम रोड स्थित ऑटो मार्केट में आयोजित हांसी विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हांसी को नया जिला बनाने की घोषणा कर दी। हांसी अब हरियाणा का 23वां जिला बनेगा। सीएम ने कहा कि एक सप्ताह में इसकी अधिसूचना जारी जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद रेवेन्यू के नजरिए से भी हांसी जिला बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने हांसी को जैसे ही जिला बनाने की घोषणा की, वैसे ही रैली में उपस्थित हजारों लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाई। इसके साथ ही शहर में लोगों ने जमकर आतिशबाजी कर जश्न मनाया। हांसी जिले में दो उपमंडल और तीन तहसील और एक उप-तहसील बनाई जाएगी। इसमें 97 राजस्व गांव और 110 ग्राम पंचायत शामिल होंगी। नए जिले के लिए प्रशासन द्वारा पूरा ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है।
दो उपमंडल
-हांसी और नारनौद उपमंडल होंगे
तीन तहसील
-हांसी, नारनौंद और बास
एक उप-तहसील
-खेड़ी चौपटा
यह भी जानें
वर्तमान में जो पुलिस जिला का सीमांकन हैं, उसी को राजस्व जिले का सीमांकन माना जाएगा। ड्राफ्ट तैयार करने वाले अधिकारियों ने प्रदेश के राजस्व विभाग को भेज दिया है।
यह आएगा बदलाव
हांसी के जिला बनने के बाद अब कई चीजें बदल जाएंगी। हांसी के लोगों को डीसी से मिलने के लिए हिसार नहीं आना होगा। हांसी में डीसी बैठेंगे। इसके साथ ही मुकदमों की पैरवी के लिए हिसार जिला कोर्ट भी नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए हांसी में जिला एवं सत्र न्यायालय का गठन होगा। जिला न्यायाधीश भी बैठेंगे। जिला स्तर पर होने सभी कार्यों के लिए अभी हिसार जाना पड़ता था। हांसी के लिए जिला के तौर पर सरकार से अलग से बजट भी मिलेगा। विकास कार्यों में तेजी आएगी।
हरियाणा गठन के बाद यूं बंटा हिसार…
पहला बड़ा बटवारा 1972
1 नवंबर 1966 को पंजाब का पुनर्गठन हुआ और हरियाणा राज्य बना। उस समय हिसार हरियाणा का एक बहुत बड़ा जिला था। हिसार में इनमें भिवानी, सिरसा, फतेहाबाद और चरखी दादरी शामिल थे। हिसार का पहला विभाजन 22 दिसंबर 1972 को हुआ उस समय भिवानी जिला बना।
1975 में हुआ दूसरा विभाजन
हिसार जिले का दूसरे बंटवारा 1 सितंबर 1975 में सिरसा जिला के रूप में हुआ। 1979 में सिरसा जिला के अस्तित्व में आया।
1997 में हुआ तीसरा विभाजन
हिसार का तीसरा बंटवारा 15 जुलाई 1997 को होने पर फतेहाबाद अस्तित्व में आया। हिसार का हिस्सा रहे भिवानी से कटकर 22 जनवरी 2016 को चरखी दादरी जिला बना। यह सीधे हिसार से नहीं, बल्कि भिवानी से अलग होकर बना लेकिन ऐतिहासिक रूप से यह भी पुराने हिसार मंडल का हिस्सा रहा।
अब चौथी बार 2025 में हांसी बना जिला
16 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार के उपमंडल हांसी को अलग जिला बनाने की घोषणा की और प्रदेश को 23वां जिला मिला।
1798 से 1801 तक हांसी हरियाणा की राजधानी रही
अंग्रेजी हुकूमत ने वर्ष 1832 में हांसी की बजाय हिसार को जिला बना दिया। इससे पहले 1798 से 1801 तक हांसी हरियाणा की राजधानी रही। वर्ष 1801 से लेकर 1803 तक हांसी में मराठों का राज हो गया था। 1803 में मराठा से अंग्रेजों ने अपने अधिकार में ले लिया। वर्ष 1803 में हांसी में सैनिक छावनी बनाई। 1803 से 1812 तक दिल्ली टेरेटरी के अधीन रहा। वर्ष 1812 को जिला घोषित कर दिया गया था। वर्ष 1832 तक हांसी जिला रहा। वर्ष 1832 में अंग्रेजों ने हिसार को जिला बना दिया था।
क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात
हांसी को जिला बनाए जाने की यह मांग लंबे समय से चली आ रही थी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने पूरा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी है। जिला बनने से हांसी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और प्रशासनिक सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। हांसी के लोग इस यादगार दिन को कभी नहीं भूल पाएंगे।

