Alert
- -महिलाओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस अलर्ट
- – टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के तहत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी
- -ऐसे युवकों की पहचान की जो छेड़छाड़, फब्तियां कसने या असभ्य आचरण में लिप्त मिले
- – महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, साइबर हेल्पलाइन 1930 और 112 इमरजेंसी नंबर की जानकारी दी
फतेहाबाद। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस टीम द्वारा विशेष डिकॉय चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं के प्रति असभ्य व्यवहार करने वाले मनचलों और हुड़दंगबाजों पर सख्त कार्रवाई करना रहा। पुलिस चौकी नागपुर में तैनात महिला एएसआई सुमन के नेतृत्व में, पुलिस टीम ने क्षेत्र के हॉटस्पॉट स्थलों, बस अड्डों, स्कूलों और बाजारों के आस-पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के तहत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखी और ऐसे युवकों की पहचान की जो महिलाओं से छेड़छाड़, फब्तियां कसने या असभ्य आचरण में लिप्त पाए गए। अभियान के दौरान कई स्थानों पर पुलिस ने गश्त बढ़ाई और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी व पूछताछ भी की। मौके पर टीम ने स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया कि वे किसी भी प्रकार की अशोभनीय हरकत या उत्पीडऩ की घटना देखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
महिला एएसआई सुमन बोलीं
महिला एएसआई सुमन ने बताया कि इस डिकॉय चेकिंग अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना और ऐसे असामाजिक तत्वों को यह संदेश देना है कि फतेहाबाद पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासनहीनता, हुड़दंगबाजी या महिला उत्पीडऩ जैसे कार्यों में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अभियान के दौरान कई महिला कॉलेजों और स्कूलों के बाहर पुलिस की उपस्थिति दर्ज करवाई गई, ताकि छात्राओं को सुरक्षा का भरोसा मिल सके। साथ ही, टीम ने क्षेत्र की महिलाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1091, साइबर हेल्पलाइन 1930 और 112 इमरजेंसी नंबर की जानकारी भी दी। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान के लिए लगातार प्रयासरत है। जिले में समय-समय पर ऐसे डिकॉय चेकिंग अभियान, स्कूल-कॉलेज विजिट और जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे ताकि हर महिला निडर होकर अपने कार्य और शिक्षा में आगे बढ़ सके।
