• Wed. Feb 5th, 2025

Education : लड़कियों में जगी उच्च शिक्षा की ललक, दस साल में 2.18 करोड़ ने किया कॉलेज ज्वाइन

उच्च शिक्षा।उच्च शिक्षा।

Education

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों से मिली जानकारी
  • साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स में महिलाओं का 23 फीसदी योगदान

Education : नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बताया है कि बीते दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की केंद्र सरकार में कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और उच्च-शिक्षा के बाकी संस्थानों में महिलाओं की नामांकन दर में काफी इजाफा देखने को मिला है। आंकड़ों में यह संख्या 38.4 फीसदी के साथ 2.18 करोड़ पर जा पहुंची है। इसमें स्टेम (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स) क्षेत्र में बढ़ता महिलाओं का 23 फीसदी योगदान भी शामिल है। मंत्रालय ने यह तुलना 2014 से पहले तक केंद्र की सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस नीत संप्रग सरकार से की है। उनके लगभग समान अवधि के शासन में उच्च शिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए नामांकन कराने वाली महिलाओं की संख्या 1.57 करोड़ थी।

4.46 करोड़ पर पहुंचा कुल नामांकन

मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, 2014-15 से गुजरे एक दशक यानी 2022-23 तक उच्च शिक्षण संस्थानों में लड़के और लड़कियों के नामांकन का कुल आंकड़ा 30.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 4.46 करोड़ पर जा पहुंचा है। जबकि 2014 से पहले यह 3.42 करोड़ पर था।

नामांकन के साथ बढ़े कॉलेज, विश्वविद्यालय

उच्च-शिक्षण संस्थानों में लड़के, लड़कियों की नामांकन दर में इजाफे के साथ कॉलेज और विश्वविद्यालयों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। वर्ष 2014-15 तक के 51 हजार 534 के मुकाबले वर्ष 2022-23 में बढ़कर यह 58 हजार 643 पर जा पहुंची है। दस साल के दौरान हुआ यह 13.8 फीसदी का इजाफा है। इसी तरह से समान अवधि में कॉलेजों की संख्या 38 हजार 498 से बढ़कर 46 हजार 624 हो गई। जबकि विश्वविद्यालयों की संख्या 760 से बढ़कर 1 हजार 213 पर पहुंच गई। मंत्रालय इसे एक दशक में विश्वविद्यालयों की संख्या में हुई 59.6 फीसदी और कॉलेजों की संख्या में हुई 21.1 फीसदी की बढ़ोतरी मानता है।

क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में भारत के 46 संस्थान

क्यूएस की प्रतिष्ठित वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारत के 46 उच्च शिक्षण संस्थान शामिल हुए हैं। वर्ष 2015 में इनकी संख्या मात्र 11 पर थी। लेकिन दस साल में यह बढ़कर 46 हो गई है। शिक्षा मंत्रालय इसे 10 साल में हुई 318 फीसदी की वृद्धि करार देता है। भारतीय संस्थानों में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बी) बॉम्बे शीर्ष पर है और उसने लगातार अपनी रैंकिंग में सराहनीय रूप से सुधार किया है। क्यूएस की पिछली रैंकिंग में इसे 149 स्थान मिला था। जबकि ताजा रैंकिंग में यह 118 वें स्थान पर जा पहुंचा।

42 केंद्रीय वित्त पोषित संस्थान बने

मौजूदा सरकार के कार्यकाल के दस वर्षों में केंद्र द्वारा वित्तपोषित 42 नए उच्च शिक्षण संस्थान खोले गए हैं। इनमें 8 केंद्रीय विश्वविद्यालय, 7 आईआईटी, 8 आईआईएम, 2 आयसर और आईआईएससी, 1 एनआईटी और आईआईईएसटी और 16 ट्रिपल आईटी शामिल हैं। उच्च शिक्षा लेने के बाद सरकार में 52 हजार 482 उम्मीदवारों को नौकरी प्रदान की गई है। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों में यह आंकड़ा 23 हजार 463 पर था। इसलिए अब इसे मंत्रालय रोजगार के मामले में हुई दोगुनी वृद्धि बता रहा है।

6 रिसर्च पार्क बने, 13 और बनाएंगे

2014 से पहले आईआईटी मद्रास में स्थापित किए गए रिसर्च पार्क की तुलना में राजग सरकार में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने 6 नए रिसर्च पार्क बनाए। इनमें आईआईटी दिल्ली, कानपुर, गुवाहाटी, हैदराबाद, गांधीनगर और आईआईएससी बेंगलुरु में क्रमश: एक-एक रिसर्च पार्क स्थापित किया गया। इसके अलावा भविष्य में 13 और रिसर्च पार्क स्थापित किए जाने की योजना है। यह आईआईटी भुवनेश्वर, रुड़की, बीएचयू, धनबाद, रोपड़, जोधपुर, पटना, इंदौर, पलक्कड़, तिरुपति, धारवाड़, जम्मू और भिलाई में बनाए जाएंगे।

https://vartahr.com/education-desire…ege-in-ten-years/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *