रोहतक। जिला शिक्षा विभाग रोहतक द्वारा आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय अंडर-17 गर्ल्स क्रिकेट चैंपियनशिप का रविवार को भव्य समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मेजबान हरियाणा की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान को शिकस्त देकर खिताबी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। 29 अप्रैल से शुरू हुए इस खेल महाकुंभ में देश भर की प्रतिभाओं ने अपना दम दिखाया। प्लेयर ऑफ द मैच फलक साहनी और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट परी को मिला।
टूर्नामेंट के अंतिम दिन खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हरियाणा और राजस्थान की टीमों ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी भिड़ंत बेहद रोमांचक रही, जिसकी शुरुआत विशिष्ट अतिथि कर्ण सिंह पुनिया ने की। मैच के दौरान हरियाणा की टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों क्षेत्रों में दबदबा बनाए रखा और दबाव के क्षणों में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए जीत हासिल की।
समापन समारोह में रोहतक के उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ भाजपा हरियाणा के उपाध्यक्ष सतीश नांदल और जैन एजुकेशन सोसायटी के महासचिव मनीष जैन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता हरियाणा और उप-विजेता राजस्थान की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक ने टूर्नामेंट की सफलता का श्रेय विभाग की टीम के समन्वय को दिया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले कोचों, निर्णायकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ऑब्जर्वर मुक्ता बब्बर, रविन्द्र हुड्डा, डीपीसी सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. नरेश कुमार व सुनीता चहल, बीईओ अशोक नांदल, संजय हुड्डा, गीता और साधना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को सफल बनाने में एईओ संजय हुड्डा, समस्त डीपीई और पीटीआई का विशेष योगदान रहा।
