Psychology course after 12th
- 12वीं के बाद प्रोफेशनल कोर्स के रूप में उभर रहा मनोविज्ञान
- मानसिक स्वास्थ्य और काउंसलिंग में बढ़ रही करियर की संभावनाएं
- रिसर्च और व्यवहार समझने की बढ़ती जरूरत ने बढ़ाई डिमांड
- डिजिटल दौर में मनोविज्ञान की भूमिका हुई और अहम
रोहतक। बदलते दौर में करियर की परिभाषा तेजी से बदल रही है और अब छात्र पारंपरिक कोर्स से आगे बढ़कर ऐसे विषय चुन रहे हैं, जो न सिर्फ रोजगार दें, बल्कि समाज में सार्थक भूमिका भी निभाने का अवसर प्रदान करें। मनोविज्ञान ऐसा ही एक उभरता हुआ क्षेत्र है, जो मानव मन, भावनाओं और व्यवहार को समझने का वैज्ञानिक आधार देता है। 12वीं के बाद यह कोर्स छात्रों के लिए एक प्रोफेशनल और बहुआयामी करियर विकल्प बनकर सामने आया है। बढ़ते मानसिक तनाव, लाइफस्टाइल में बदलाव और डिजिटल दुनिया के प्रभाव ने इस क्षेत्र की जरूरत को और अधिक बढ़ा दिया है। अब शैक्षणिक संस्थान भी साइकोलॉजी में डिग्री के साथ रिसर्च, काउंसलिंग और इंडस्ट्री से जुड़े अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
ये कोर्स कर सकते हैं
-क्लीनिकल और स्वास्थ्य मनोविज्ञान
-शैक्षिक और व्यावसायिक काउंसलिंग
-न्यूरो और फॉरेंसिक साइकोलॉजी
-खेल, व्यायाम और औद्योगिक मनोविज्ञान
-इन कोर्सेज को पूरा करने के बाद छात्र साइकोलॉजिस्ट, काउंसलर, मानव संसाधन प्रबंधक और प्रोफेसर जैसे प्रतिष्ठित पदों पर कार्य कर सकते हैं।
रिसर्च और मानसिक स्वास्थ्य का महत्व
नेकीराम कॉलेज मनोविज्ञान विभाग के प्रो. दिनेश सिंह का कहना है कि मनोविज्ञान केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि मानव मन और व्यवहार को समझने का विज्ञान है। इसके जरिए छात्र मस्तिष्क की भाषा पढ़ना सीखते हैं। वर्तमान दौर में बढ़ते मानसिक तनाव और बीमारियों को देखते हुए साइकोलॉजी रिसर्च का महत्व बढ़ गया है। इसका मुख्य प्रयोग मानसिक रोगों को समझने, उनके उपचार और समाज के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है। चाहे वह चाइल्ड साइकोलॉजी हो या क्रिमिनल साइकोलॉजी, यह विषय समाज की हर समस्या का वैज्ञानिक समाधान निकालने में सक्षम है।
आदर्श करियर पथ
जो छात्र समाज में सकारात्मक बदलाव लाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक आदर्श करियर पथ है। वर्तमान में मनोविज्ञान केवल परामर्श तक सीमित नहीं है। आज के डिजिटल युग में, यह समझना बहुत जरूरी है कि मनुष्य तकनीक और सोशल मीडिया के साथ कैसे व्यवहार करता है। इससे भविष्य में स्कूल काउंसलर्स और सर्टिफाइड करियर कोचेस की मांग में भारी बढ़ोतरी होने वाली है।
इन कॉलेजों में दाखिले के अवसर
कॉलेज सीट फीस
जाट कॉलेज :- 60 18400
राजकीय महिला महाविद्यालय :- 60 5564
नेकीराम कॉलेज:- 40 5984
