ITI College in Sevan
कैथल | नरेश पंवार
कैथल जिले के खंड सीवन के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग (Skill Development & Industrial Training Department Haryana) द्वारा जल्द ही सीवन में राजकीय आईटीआई (Government ITI Sevan) खोली जाएगी। इसे लेकर विभाग ने निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।
सर्वे रिपोर्ट मांगी, निर्माण की दिशा में बढ़ा कदम
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के निदेशक ने लोक निर्माण विभाग (PWD) भवन एवं सड़के, कैथल के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर आईटीआई भवन के लिए सर्वे प्लान रिपोर्ट मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही सर्वे रिपोर्ट निदेशालय को प्राप्त होगी, आगे की स्वीकृति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
2027 में मिल सकता है दाखिले का मौका
अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि सर्वे रिपोर्ट समय पर तैयार होकर भेज दी जाती है, तो वर्ष 2027 के शैक्षणिक सत्र में सीवन क्षेत्र के विद्यार्थियों को राजकीय आईटीआई में दाखिले का अवसर मिल सकता है। इससे सीवन व आसपास के गांवों के हजारों युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्राम पंचायत ने दी जमीन
जानकारी के अनुसार गांव डोहर की ग्राम पंचायत ने कई वर्ष पहले ही राजकीय आईटीआई के लिए जमीन कौशल विकास विभाग के नाम कर दी थी। यह प्रक्रिया लगभग 10 वर्षों से लंबित थी, लेकिन अब यह मांग सिरे चढ़ती नजर आ रही है।
दूरी की समस्या होगी खत्म
फिलहाल सीवन क्षेत्र के विद्यार्थियों को कैथल या चीका स्थित आईटीआई में जाना पड़ता था, जो काफी दूर है। ऐसे में आर्थिक और समय दोनों की परेशानी होती थी। सीवन में आईटीआई खुलने से यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
कैथल जिले में आईटीआई की स्थिति
वर्तमान में कैथल जिले में 9 राजकीय और 10 प्राइवेट आईटीआई संचालित हैं।
-
कैथल ब्लॉक: 3
-
पुंडरी ब्लॉक: 3
-
राजौंद, गुहला और कलायत: 1-1
इन संस्थानों में करीब 6000 विद्यार्थी विभिन्न रोजगारपरक कोर्स कर रहे हैं।
गरीब व मध्यम वर्ग को होगा बड़ा फायदा
प्राइवेट आईटीआई की अधिक फीस के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थी कोर्स नहीं कर पाते। सीवन में राजकीय आईटीआई खुलने से विद्यार्थियों को मुफ्त या कम शुल्क पर तकनीकी शिक्षा मिलेगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
सरपंच का बयान
गांव डोहर के सरपंच मक्खन सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी। पंचायत ने विभाग के नाम जमीन करवाई थी और अब यह मांग पूरी होती दिख रही है। इससे क्षेत्र के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
जिला नोडल अधिकारी का बयान
आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई कैथल, सतीश मच्छाल ने बताया कि निदेशालय द्वारा सर्वे रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही उसे आगे भेज दिया जाएगा। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

