• Mon. Mar 10th, 2025

Weather : रेवाड़ी में मौसम में बदलाव से दोपहर तक बूंदाबांदी, शनिवार को भी हल्की बरसात की संभावना

एक खेत में कटाई के लिए तैयार हो रही सरसों की फसल।एक खेत में कटाई के लिए तैयार हो रही सरसों की फसल।

Weather

  • -ठंड का असर एक बार फिर से बढ़ा
  • – लोगों ने संभाले गर्म कपड़े, रात के तापमान में गिरावट

Weather : रेवाड़ी। फरवरी माह के अंत में मौसम में बदलाव के साथ हुई बूंदाबांदी के बाद मौसम के तेवर ठंडे पड़ गए। आसमान में बादल छाने के बाद दोपहर तक मौसम ठंडा बना रहा, जिस कारण लोगों को एक बार फिर से गर्म कपड़े संभालने पड़े हैं। रात के तापमान में कमी आई है, जिस कारण सुबह की ठंड कुछ दिन तक उपस्थिति बरकरार रख सकती है। शनिवार को भी आसमान में बादलों के बीच बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है।

शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। तेज हवाओं के साथ कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। दोपहर तक मौसम ठंडा बना रहा। इसके बाद आसमान साफ होते ही तेज धूप निकल आई। शाम के समय मौसम में फिर से बदलाव आना शुरू हो गया। अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 16 डिग्री पर आ गया। हवा में नमी का स्तर 80 फीसदी तक बना रहा, जबकि हवा की गति 12 किमी प्रति घंटा रही। दो दिन पूर्व तक मौसम का मिजाज गर्म होने के कारण लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कम कर दिया था। मौसम ठंडा होने के कारण एक बार फिर से गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार लगभग आधा दर्जन विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव आ रहा है। विक्षोभ की सक्रियता के चलते मार्च माह के पहले दिन भी तेज हवाओं के साथ हल्की बरसात होने की संभावना है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई जा रही है। इसके बाद कुछ दिनों तक मौसम साफ बना रह सकता है।

ओलावृष्टि नहीं हुई तो अच्छी पकेगी फसल

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मौसम सरसों और गेहूं की फसलों के लिए अनुकूल बन गया है। सरसों की पछेती फसल पकाव पर आ गई है। अगले सप्ताह तक अगेती सरसों की कटाई शुरू हो सकती है। अभी तक मौसम गर्म रहने से गेहूं की फसल पर दीमक का खतरा मंडरा रहा था। तापमान में गिरावट व बूंदाबांदी के बाद गेहूं की फसल में अच्छा पकाव होने की संभावना बन गई है। अगर ओलावृष्टि नुकसान नहीं पहुंचाती है, तो इससे दोनों फसलों की बंपर पैदावार होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *