Sports
- सीएम नायब सैनी करेंगे शुभारंभ, 26 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी
- खेल मंत्री गौतम बोले, खेलों में हरियाणा सिरमौर
- बेहतरीन खेल नीति और खिलाड़ियों का लाजवाब प्रदर्शन बना रहा प्रदेश को नंबर वन
- 17 साल में 5 ओलंपिक खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी जीत चुके 15 पदक
Sports : चंडीगढ़। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश की बेहतरीन खेल नीति और हर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर हरियाणा खेलों में देश का सिरमौर बन चुका है। देश की आबादी में हरियाणा की जनसंख्या महज 2 फीसदी है, जबकि प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने में 60 फीसदी का योगदान देते हैं। इन्हीं खेलों की परिपाटी को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में दो चरणों में खेल महाकुंभ, 2025 का 2 अगस्त से आगाज होगा, जिसमें 26 खेलों में 15,410 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेलों का शुभारंभ करेंगे। पहले चरण में खेल 4 अगस्त तक होंगे। चंडीगढ़ गौतम ने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि पिछले 17 वर्षों में हुए 5 ओलंपिक खेलों में हरियाणा के किसी न किसी खिलाड़ी ने पदक जीता है। अब तक हमारे खिलाड़ी पांच ओलंपिक खेलों में 15 पदक जीत चुके हैं।
4 जगहों पर होगा आयोजन
-पंचकूला में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हैंडबॉल व हॉकी प्रतियोगिता।
-फरीदाबाद में शूटिंग व ताइक्वांडो प्रतियोगिता होगी।
-रोहतक में बाक्सिंग, नेटबाल और फुटबॉल प्रतियोगिता होगी।
-सोनीपत में लान टेनिस खेल आयोजित किए जाएंगे।
2102 पदक दांव पर
प्रदेश के 22 जिलों व हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई (सोनीपत) के खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे। खेल महाकुंभ में दोनों चरणों में 2102 पदकों से खिलाड़ियों को नवाजा जाएगा। पहले चरण में 836 और दूसरे चरण में 1266 पदक, विजेता खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। दूसरे चरण के खेल अगस्त के अंतिम सप्ताह में करवाए जाएंगे।
खेल महाकुंभ देश की सबसे बड़ी प्रतियोगिता
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा का खेल महाकुंभ देश में राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता से बड़ा आयोजन है। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में लगभग 8,000 खिलाड़ी भागीदारी करते हैं, जबकि खेल महाकुंभ में 15,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।
खाने-पीने की बेहतरीन व्यवस्था
गौतम ने कहा कि जिला खेल अधिकारियों की निगरानी में खेल महाकुंभ में शामिल होने वाले जिलों के खिलाड़ियों का चयन निष्पक्ष किया गया है। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उनके लिए खाने-पीने व किट की व्यवस्था की गई है। खेलों के सफल आयोजन के लिए खेल मंत्री के आदेश पर अतिरिक्त खेल निदेशक के नेतृत्व में विशेष कोर्डिनेशन कमेटी का गठन किया है।
विजेता खिलाड़ियों के लिए है खेल ग्रेडेशन
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति के अनुसार खेल महाकुंभ के विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा खेल प्रमाण पत्र ग्रेडेशन बनाने का प्रावधान है, जिसके तहत सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को तीन प्रतिशत का खेल आरक्षण प्रदान किया जाता है।