• Sun. Aug 3rd, 2025

Sports

  • -पंचकूला में खेल महाकुंभ का आगाज, दो चरणों में प्रतियोगिता
  • -इस प्रतियोगिता में 2102 पदक दांव पर, चार जिलों में होंगी प्रतियोगिताएं

Sports : चंडीगढ़। खेल और युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि इस खेल महाकुंभ में प्रदेशभर से 15 हजार से अधिक खिलाड़ी 26 खेल विधाओं में भाग लेंगे, जो ‘खेलो इंडिया’ जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से भी बड़ी भागीदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का युवाओं की ओर से अभिनंदन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में हरियाणा सरकार खेलों को गांव और ज़िला स्तर तक ले जाकर प्रतिभाओं को तराशने का कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने गांव स्तर पर खेल नर्सरियां खोलकर ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का काम कर रही है। केंद्र सरकार खेलो इंडिया के माध्यम से खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुविधा देकर खेल की प्रतिभा को निखारने का काम कर रही है। हरियाणा सरकार मिशन ओलंपिक विजय भव: के माध्यम से खिलाड़ियों को तराशने का काम कर रही है, ताकि 2036 में हरियाणा के खिलाड़ी अधिक से अधिक मेडल लेकर आएं।

हरियाणा के खिलाड़ियों का 60 प्रतिशत से ज्यादा मेडल पर कब्जा

ओलंपिक 2036 को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स साइंस और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग सुविधाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज खेलों में हरियाणा देश का सिरमौर बन चुका है। भारत की आबादी का लगभग 2 प्रतिशत वाला हरियाणा के खिलाड़ियों का 60 प्रतिशत से ज्यादा मेडल पर कब्जा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पूरी दुनिया में खेलों के क्षेत्र में बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन पॉलिसी के तहत पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी देने का काम राज्य सरकार कर रही है।

खेलों पर केवल 33 करोड़ रुपये खर्च

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में खेलों पर केवल 33 करोड़ रुपये खर्च किए जबकि वर्तमान सरकार वर्ष 2014 से 2024 तक 600 करोड़ रुपये खिलाड़ियों और खेलों पर खर्च कर चुकी है। हरियाणा के खिलाड़ियों की ऊर्जा, मेहनत और नायाब खेल नीति की बदौलत खिलाड़ियों ने प्रदेश व देश का नाम विश्व मंच पर रोशन किया है। इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, पंचकूला मेयर कुलभूषण गोयल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, खेल विभाग प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, निदेशक संजीव वर्मा, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बबीता फौगाट और दीपक हुड्डा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

2102 पदक दांव पर

प्रदेश के 22 जिलों व हरियाणा खेल विश्वविद्यालय राई (सोनीपत) के खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे। खेल महाकुंभ में दोनों चरणों में 2102 पदकों से खिलाड़ियों को नवाजा जाएगा। पहले चरण में 836 और दूसरे चरण में 1266 पदक, विजेता खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। दूसरे चरण के खेल अगस्त के अंतिम सप्ताह में करवाए जाएंगे।

खेल महाकुंभ देश की सबसे बड़ी स्पर्धा

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा का खेल महाकुंभ देश में राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता से बड़ा आयोजन है। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में लगभग 8,000 खिलाड़ी भागीदारी करते हैं, जबकि खेल महाकुंभ में 15,000 से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *