• Sat. Jul 26th, 2025

Sports : चाइना ओपन : रोहतक की उन्नति ने किया बड़ा लटफेर, ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु को हराकर किया बाहर

Sports

  • – रोहतक के चमारियां गांव की रहने वाली स्टार शटलर (17) उन्नति हुड्डा
  • -जाट कॉलेज की बीएससी स्पोर्ट्स साइंस की छात्रा उन्नति ने इतिहास रचते हुए प्रदेशवाशियों का दिल जीत लिया
  • -सिंधू को चौंकाते हुए 73 मिनट में 21-16, 19-21, 21-13 से जीत दर्ज की
  • -पहली बार किसी सुपर 1000 प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंची

Sports : रोहतक। रोहतक के चमारियां गांव की रहने वाली स्टार शटलर (17) उन्नति हुड्डा ने गुरुवार को चाइना ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करते हुए ओलंपिक पदक विजेता और बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी पीवी सिंधू को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। जाट कॉलेज की बीएससी स्पोर्ट्स साइंस की छात्रा उन्नति ने इतिहास रचते हुए प्रदेशवाशियों का दिल जीत लिया। इस हार के साथ ही सिंधू इस टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। अब क्वार्टर फाइनल में शुक्रवार को उनका मुकाबला जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त और दो बार की विश्व चैंपियन अकाने यामागुची से होगा। सिंधू 7 साल में पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में साथी भारतीय से हारी हैं। पिछली बार उन्हें 2018 राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में साइना नेहवाल से हार का सामना करना पड़ा था। वह 2019 राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में भी साइना से ही हार गई थी।

पहले सेट में सिंधू को चौंकाया

उन्नति ने सिंधू को चौंकाते हुए कठिन क्षणों में धैर्य बनाए रखा और 73 मिनट में 21-16, 19-21, 21-13 से जीत दर्ज की। वह पहली बार किसी सुपर 1000 प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। रोहतक की इस किशोरी ने 2022 ओडिशा मास्टर्स और 2023 अबू धाबी मास्टर्स में सुपर 100 खिताब जीते हैं।

उन्नति का सफर

-2021 में का पहला टूर्नामेंट इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज था। हालांकि इसमें हार गई।
-2022 में ओडिशा ओपन खेला, जहां फाइनल में स्मित तोषनीवाल को हराकर टूर्नामेंट जीता।
-थाईलैंड के नॉनथाबूरी में 2022 बैडमिंटन एशिया जूनियर अंडर-17 और अंडर-15 चैंपियनशिप में रजत जीता।
-2023 अबू धाबी मास्टर्स में सुपर 100 खिताब जीते हैं।

7 साल की उम्र में बैडमिंटन खेल रही

बैडमिंटन की नई सनसनी उन्नति रोहतक के चमारिया गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने 7 साल की उम्र में बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। पिता उपकार हुड्डा बैडमिंटन के फैन हैं और उन्होंने बेटी को छोटू राम स्टेडियम बैडमिंटन अकादमी में दाखिला दिलाया। उन्नति ने इसी साल सीबीएसई बोर्ड से 12वीं पास की है।

ऐतिहासिक प्रदर्शन

कोच प्रवेश कुमार ने कहा कि उन्नति ने गली खेल से शुरुआत की। छोटूराम स्टेडियम में कोचिंग के बाद जिला स्तरीय टूर्नामेंट जीता। आज उसने पीवी सिंधू को हराकर इतिहास रच दिया। उन्नति बहुत मेहनती खिलाड़ी है। उसकी सिंधू से पहली मुलाकात तब हुई थी, जब उन्नति ने दिल्ली में हुए जेबीसी कप में गोल्ड जीता। उस समय पीवी सिंधू ने उन्नति को मेडल पहनाया था।

सबने दी उन्नति को बधाई

उन्नति के ऐतिहासिक पदर्शन पर गांव चमारियां निवासी, जाट कॉलेज और प्रदेशवाशियों खुशियां मनाई और उन्नति को बधाई दी। जाट शिक्षा समिति के प्रधान गुलाब सिंह दिमाना, उप प्रधान धर्मराज, महासचिव एडवोकेट नवदीप मोनू तथा कॉलेज प्राचार्य डॉ. शबनम राठी ने बधाई देकर उत्साहवर्धन किया। उन्नति के रोहतक लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। कॉलेज के शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुखबीर सिंह ने भी फोन पर उन्नति से बात कर मनोबल बढ़ाया। अब 25 जुलाई को क्वार्टर फाइनल मुकाबला होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *