Sports
- -गुलवीर ने पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा के फाइनल में एक दशक पुराना मीट रिकॉर्ड तोड़ा
- -ऊंची कूद में पूजा सिंह और हेप्टाथलॉन में नंदिनी अगसारा ने स्वर्ण पदक जीता
- -26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे दिन चमके भारतीय सितारे
- -देश के कुल पदकों की संख्या 18, इसमें आठ स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक
Sports : गुमी (दक्षिण कोरिया)। गुलवीर सिंह ने शुक्रवार को पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा के फाइनल में एक दशक पुराना मीट रिकॉर्ड तोड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया तो वहीं ऊंची कूद में पूजा सिंह और हेप्टाथलॉन में नंदिनी अगसारा ने स्वर्ण पदक जीतकर 26वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के चौथे दिन को भारत के लिए खास बना दिया। गुलवीर ने बृहस्पतिवार को चैंपियनशिप में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीतकर लंबी दूरी की दौड़ के भारत के महान खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज करा लिया। इससे देश के कुल पदकों की संख्या 18 हो गई है। इसमें आठ स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं। भारत ने 2023 सत्र में 27 पदक जीते थे। उसमें हालांकि स्वर्ण पदकों की संख्या सिर्फ छह थी। राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी धावक गुलवीर ने 13 मिनट 24.77 सेकेंड का समय निकालकर थाईलैंड के कीरन टुनटिवेट को पीछे छोड़ा जो 13 मिनट 24.97 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
जापान के नागिया मोरी ने कांस्य पदक जीता
जापान के नागिया मोरी ने 13 मिनट 25.06 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। ® पिछला चैंपियनशिप रिकॉर्ड कतर के मोहम्मद अल-गर्नी के नाम था। अल-गर्नी ने 2015 सत्र में 13 मिनट 34.47 का समय निकाला था।
गुलवीर का दूसरा गोल्ड
-इस जीत के साथ ही भारतीय खिलाड़ी गुलवीर ने मौजूदा चैंपियनशिप में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने इससे पहले प्रतियोगिता के शुरुआती दिन 10,000 मीटर स्पर्धा में 28 मिनट 38.63 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता था।
– भारत को पूजा ने ऊंची कूद में स्वर्ण पदक के साथ बड़ी सफलता दिलायी। इस 18 साल की खिलाड़ी ने अपने अंतिम से पहले प्रयास में 1.89 मीटर की छलांग के साथ उज्बेकिस्तान की सफीना सादुल्लाएवा (1.86 मीटर) को पछाड़ा। हरियाणा की इस खिलाड़ी के पिता एक श्रमिक हैं। पूजा ने इससे पहले 2023 में एशियाई अंडर-23 चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
-नंदिनी एशियाई चैंपियनशीप में स्वर्ण जीतने वाली केवल तीसरी भारतीय हेप्टाथलीट बन गईं। इससे पहले स्वप्ना बर्मन (2017) और सोमा बिस्वास (2005) ने इस स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किये थे। अगासरा ने 5941 अंक जुटाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। वह भाला फेंक में महज 34.18 मीटर की दूरी तय करने के बाद चीन की लियू जिंगी से पिछड़ गयी थी लेकिन उन्होंने 800 मीटर दौड़ को जीतकर मजबूत वापसी की। जिंगी ने 5869 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
पारुल चौधरी को रजत
महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में हालांकि भारत को थोड़ी निराशा हुई, जहां गत चैंपियन पारुल चौधरी को रजत से संतोष करना पड़ा। पारुल ने नौ मिनट 12.46 सेकेंड का समय लिया और कजाकिस्तान की नोरा जेरुतो तनुई (नौ मिनट 10.46 सेकेंड) से पिछड़ गई। कांस्य पदक भी कजाखस्तान की डेजी जेपकेमी (नौ मिनट 27.51 सेकेंड) के खाते में गया।
https://vartahr.com/sports-asian-ath…-by-winning-gold/