• Wed. Jan 21st, 2026

Haryana News - Vartahr

हरियाणा ,करियर, देश विदेश की खबरें

Prime Minister :प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोमनाथ यात्रा : शहरी प्रशासन तथा सफाई कर्मचारी सोमनाथ की स्वच्छता में दे रहे हैं अतुल्य योगदान

Prime Minister

  • विभिन्न स्थानीय निकाय क्षेत्रों के 1000 से अधिक सफाई कर्मचारी सोमनाथ में कर रहे हैं स्वच्छता का भगीरथ कार्य
  • आधुनिक मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों द्वारा मुख्य मार्गों की सघन सफाई
  • स्वच्छ एवं पवित्र वातावरण में मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026

गांधीनगर, 09 जनवरी : प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी आगामी 10 तथा 11 जनवरी के दौरान सोमनाथ की यात्रा पर आने वाले हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में तथा मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में गुजरात सरकार द्वारा सोमनाथ में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026’ का आयोजन किया गया है, जिससे समग्र सोमनाथ भक्तिमय एवं शिवमय बना है। इस भक्तिमय उत्सव में सोमनाथ को स्वच्छ तथा पवित्र बनाए रखने के लिए शहर का स्थानीय निकाय प्रशासन तथा अनेक सफाई कर्मचारी अपना अतुल्य योगदान दे रहे हैं।

सोमनाथ महादेव के सान्निध्य में जो भक्ति का माहौल जमा है, उसे स्वच्छता के माध्यम से अधिक मनमोहक बनाने में शहरी निकाय प्रशासन तथा सफाई कर्मचारियों ने आधारभूत भूमिका निभाई है। विभिन्न नगर पालिकाओं के समन्वय द्वारा स्वच्छता का एक भगीरथ कार्य यहाँ साकार हो रहा है।

विभिन्न महानगर-नगर पालिकाओं के 1000 से अधिक सफाई कर्मचारी तत्परता से दे रहे हैं सेवा

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ शहर को स्वच्छ बनाने के लिए मानव संसाधन का एक विशाल गठबंधन रचा गया है। सफाई कार्य के लिए वेरावळ नगर पालिका से 300 से अधिक तथा अहमदाबाद, जूनागढ, भावनगर महानगर पालिका और अन्य नगर पालिका क्षेत्रों के 700 से अधिक सहित कुल 1000 से अधिक सफाई कर्मयोगी यहाँ तत्परता से सेवा दे रहे हैं। पिछले पाँच दिनों से दिन-रात देखे बिना ये सफाई कर्मचारी सोमनाथ तथा वेरावळ को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर पसीना बहा रहे हैं।

मुख्य मार्गों की सफाई के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनें

मार्गों की सफाई तथा कचरा उठाने के साथ मार्गों के आसपास अतिरिक्त घास और पेड़-पत्तों की छँटाई का कार्य भी युद्ध स्तर पर किया गया है। आधुनिक मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों द्वारा मुख्य मार्गों की सघन सफाई की जा रही है। इसके अलावा; बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए आवासीय स्थलों तथा भंडारे के स्थलों पर विशेष सफाई टुकड़ियाँ तैनात की गई हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर 40 से अधिक मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

उल्लेखनीय है कि सोमनाथ में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ भक्ति का पावन पर्व है। इस पर्व में जब लाखों श्रद्धालु उमड़ रहे हैं, तब शहरी निकाय प्रशासन एवं सफाई कर्मचारियों का परिश्रम प्रशंसनीय है। उनके परिश्रम के कारण ही सोमनाथ तथा वेरावळ का वातावारण स्वच्छ, सुंदर एवं पवित्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *