• Sun. Feb 2nd, 2025

Menopause : रजोनिवृत्ति महिला की प्रजनन प्रक्रिया के अंत का संकेत

 

Menopause

  • रजोनिवृत्ति से पहले प्रजनन क्षमता में कोई ‘वृद्धि’ नहीं होती
  •  महिलाओं में 45 वर्ष की आयु के बाद भी गर्भधारण संभव
  • मासिक धर्म चक्र बंद होने की औसत आयु 51 साल

Menopause : रजोनिवृत्ति किसी महिला की प्रजनन प्रक्रिया के अंत का संकेत होती है। यह स्वाभाविक रूप से 45 से 55 वर्ष की आयु के बीच होती है और औसत आयु 51 है। बारह महीने तक मासिक धर्म न आने पर महिला को रजोनिवृत्ति उपरांत माना जाता है। मासिक धर्म के स्थायी रूप से बंद हो जाने को रजोनिवृत्ति कहा जाता है। यद्यपि रजोनिवृत्ति से पहले के वर्षों में गर्भधारण की संभावना बहुत कम होती है, लेकिन फिर भी यह संभावना शून्य नहीं है। हम 45 वर्ष की आयु के बाद स्वाभाविक रूप से गर्भधारण की संभावना के बारे में क्या जानते हैं और खतरा क्या हैं? क्या रजोनिवृत्ति से पहले प्रजनन क्षमता में वृद्धि होती है? रजोनिवृत्ति के दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव मासिक धर्म चक्र में परिवर्तन का कारण बनते हैं और कुछ लोगों का कहना है कि रजोनिवृत्ति के दौरान प्रजनन क्षमता में वृद्धि हो सकती है। लेकिन इसका कोई सबूत नहीं है।

रजोनिवृत्ति के कुछ सामान्य लक्षण

रजोनिवृत्ति से पहले के वर्षों में महिलाओं का मासिक धर्म अकसर अनियमित हो जाता है और उनमें रजोनिवृत्ति के कुछ सामान्य लक्षण जैसे कि गर्मी लगना और रात में पसीना आना आदि हो सकते हैं। इससे महिलाओं को लग सकता है कि वे रजोनिवृत्ति की अवस्था में पहुंच गई हैं और अब वे गर्भवती नहीं हो सकतीं। लेकिन 40 साल की उम्र के आसपास वाली महिलाओं में गर्भधारण की संभावना 20 या 30 की उम्र वाली महिलाओं की तुलना में काफी कम होती है लेकिन फिर भी यह संभव है। हालांकि 40 की उम्र के मध्य से लेकर अंत तक की महिलाएं कभी-कभी ‘‘चमत्कारिक ढंग से मां” बन जाती हैं, लेकिन रजोनिवृत्ति से पहले के पांच से दस वर्षों में गर्भधारण की संभावना बहुत कम होती है।

ऐसे चलता है चक्र

तीस वर्ष की आयु वाली महिलाओं में गर्भधारण की मासिक संभावना लगभग 20 प्रतिशत होती है। चालीस वर्ष की आयु तक यह संभावना पांच प्रतिशत से भी कम हो जाती है और 45 वर्ष की आयु तक यह संभावना नगण्य हो जाती है। हम ठीक से नहीं जानते कि 40 की उम्र के मध्य से अंत तक कितनी महिलाएं गर्भवती होती हैं क्योंकि इस उम्र में कई गर्भधारण विफल हो जाते हैं। बीस की उम्र वाली महिलाओं में गर्भपात का जोखिम 10 प्रतिशत से बढ़कर 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र वाली महिलाओं में 50 प्रतिशत से अधिक हो जाता है। इसके अलावा, व्यक्तिगत या चिकित्सा कारणों से कुछ गर्भधारण समाप्त कर दिए जाते हैं। कई देशों में महिलाओं द्वारा अंतिम बार बच्चे को जन्म दिए जाने की आयु के जनसांख्यिकीय आंकड़ों की समीक्षा के अनुसार, औसत आयु 38.6 वर्ष थी। लेकिन अध्ययनों से पता चला कि महिलाओं का एक छोटा समूह 45 वर्ष की आयु के बाद बच्चों को जन्म देता है।

209 महिलाओं पर अध्ययन

इजराइल में 209 महिलाओं पर किए गए अध्ययन में, जिन्होंने 45 वर्ष की आयु के बाद गर्भधारण किया था, पाया गया कि 81 प्रतिशत महिलाओं का पहले ही छह या अधिक बार प्रसव हो चुका था तथा लगभग आधी महिलाओं का पहले 11 या अधिक बार प्रसव हुआ था। ऑस्ट्रेलिया में 45 वर्ष की आयु के बाद बच्चों को जन्म देना कितना आम है, इस पर कोई विश्वसनीय आंकड़ा नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में बच्चों के जन्म पर हाल की रिपोर्ट से पता चलता है कि लगभग पांच प्रतिशत बच्चों ने 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं से जन्म लिया है। अधिक उम्र होने पर अचानक गर्भधारण करना अकसर एक हैरानी वाली बात होता है और यह निर्णय लेना कठिन हो जाता है कि क्या किया जाए। जब महिला अधिक उम्र की हो तो गर्भावस्था में कुछ अतिरिक्त खतरे शामिल होते हैं। 45 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं में आधे से अधिक गर्भधारण गर्भपात में समाप्त हो जाते हैं और कुछ का गर्भ तब भी खत्म कर दिया जाता है जब प्रसव पूर्व जांच में पता चलता है कि भ्रूण में गुणसूत्रों की संख्या गलत है। इंग्लैंड और वेल्स में पैदा हुए बच्चों पर किए गए अध्ययन में पाया गया कि 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं में एक से अधिक बच्चों को जन्म देने की संभावना सबसे अधिक थी।

यदि आप 40 की उम्र में गर्भवती होना चाहें तो क्या होगा?

यदि आप रजोनिवृत्ति के दौरान गर्भधारण से बचना चाहती हैं तो यह सुझाव दिया जाता है कि आप गर्भनिरोधक का उपयोग करें। लेकिन यदि आप 40 की उम्र में गर्भवती होना चाहती हैं तो कुछ चीजें हैं जो आप गर्भधारण करने और स्वस्थ शिशु को जन्म देने की संभावना को बढ़ाने के लिए कर सकती हैं। इनमें गर्भधारण से पहले स्वास्थ्य जांच के लिए चिकित्सक से मिलकर गर्भावस्था की तैयारी करना, फोलिक एसिड और आयोडीन की खुराक लेना, धूम्रपान न करना, शराब का सेवन सीमित करना, स्वस्थ वजन बनाए रखना, नियमित व्यायाम करना और पौष्टिक आहार लेना शामिल है।

https://vartahr.com/menopause-the-en…oductive-process/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *